नयी दिल्ली 29 अप्रैल (वार्ता) पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल में असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी के गठबंधन वाले राजग तथा तमिलनाडु में द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन की सत्ता बरकरार रहने , केरल में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) की एक दशक बाद स्पष्ट जीत जबकि पश्चिम बंगाल में भाजपा को मामूली बढत के साथ जीत का अनुमान व्यक्त किया गया है।
असम विधानसभा की कुल 126 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग की सत्ता के बरकरार रहने के स्पष्ट अनुमान व्यक्त किये गये हैं।
एक्सिस माई इंडिया ने असम में राजग को 88 से 100 सीट, कांग्रेस प्लस को 24 से 36 और अन्य को 0 से तीन सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। मेट्रिज ने राजग को 85 से 95, कांग्रेस प्लस को 25 से 32 सीट और अन्य को छह से 12 सीट मिलने की बात कही है। चाणक्य स्ट्रेटजी ने राजग को 88 से 98 , कांग्रेस प्लस को 22 से 32 और अन्य को तीन से पांच सीटें दी हैं। वहीं वोट वाइब्स ने राजग को 90 से 100 , कांग्रेस प्लस को 23 से 33 , और अन्य को शून्य से छह सीट दी हैं।
केरल में एग्जिट पोल में दस वर्ष बाद कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूडीएफ की सत्ता में वापसी के स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं। एक्सिस माई इंडिया ने 140 सीटों वाली विधानसभा में यूडीएफ को 78 से 90, सत्तारूढ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) को 49 से 62 और राजग को 0 से 3 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।
सीएनएन न्यूज 18 ने यूडीएफ को 70 से 80, एलडीएफ को 56 से 68 और राजग को 0 से 4 जबकि मेट्रिज ने यूडीएफ को 70 से 75 , एलडीएफ को 60 से 65 और राजग को 3 से 5 सीट मिलने की बात कही है।
पश्चिम बंगाल में एग्जिट पोल में सत्तारूढ तृणमूल कांग्रेस और विपक्षी भाजपा के बीच कांटे की तथा रोमांचक टक्कर के बीच भाजपा को मामूली बढत के साथ जीतने का अनुमान व्यक्त किया गया है।
पीपुल्स पल्स ने पश्चिम बंगाल विधानसभा की 294 सीटों में से तृणमूल कांग्रेस को 177 से 187, भाजपा को 95 से 110 तो कांग्रेस को एक से तीन और वाम दलों को शून्य से एक सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।
वहीं पोल डेयरी ने भाजपा को 142 से 171, तृणमूल कांग्रेस को 99 से 127 और अन्य को 5 से 9 सीटें मिलने की बात कही है। मैट्रिज न्यूज ने भाजपा को 146 से 161, तृणमूल कांग्रेस को 130 से 140 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके अलावा एबीपी ने भी भाजपा को 146 से 161, तृणमूल कांग्रेस को 125 से 140 और अन्य को 6 से 10 सीट मिलने की बात कही है। चाणक्य स्ट्रेटजी ने भाजपा को 150 से 160 जबकि तृणमूल को 130 से 140 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया है।
तमिलनाडु में सत्तारूढ द्रमुक की वापसी का अनुमान एग्जिट पोल में व्यक्त किया गया है। सीएनएन न्यूज 18 ने राज्य विधानसभा की 234 सीटों में से अन्नाद्रमुक के नेतृत्व वाले राजग गठबंधन को 114 से 124 ,द्रमुक को 103 से 113 और टीवीके को 4 से 10 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। वहीं मेट्रिज ने द्रमुक को 122 से 132 , अन्नाद्रमुक को 87 से 100 और टीवीके को 65 से 80 सीट मिलने की बात कही है।
पीपुलस् पल्स ने द्रमुक को 125 से 145 , अन्नाद्रमुक को 65 से 80 और टीवीके को 18 से 24 सीट मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। एक्सिस माई इंडिया ने अन्नाद्रमुक को 22 से 32 द्रमुक को 92 से 110 जबकि टीवीके को 98 से 120 सीटें दी हैं।
पुडुचेरी की 30 सदस्यीय विधानसभा में भी राजग की सत्ता में वापसी का अनुमान व्यक्त किया गया है।
एक्सिस माई इंडिया ने राजग को 16 से 20, कांग्रेस प्लस को छह से आठ और टीवीके को दो से चार सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। पीपुल्स पल्स ने राजग को 16 से 19 , कांग्रेस प्लस को छह से आठ सीटें दी हैं जबकि सी वोटर ने राजग और कांग्रेस को 13 से 17 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया है। एक अन्य एजेन्सी प्रजा पोल ने राजग को 19 से 25 और कांग्रेस को छह से 10 सीट तथा टीवीके को शून्य सीटें दी हैं।
