जबलपुर: सिहोरा थाना अन्तर्गत देवाश्री ग्राम संगठन गोसलपुर केन्द्र क्रमांक-1 उपार्जन केन्द्र नर्मदा इंटरप्राईजेज में समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने आए 308 किसानों के साथ नियमों को ताक पर रखकर अवैध वसूली की गई है। खरीदी केंद्र प्रभारी और वहां कार्यरत कर्मचारियों ने मिलकर प्रत्येक किसान से 20 प्रति क्विंटल के हिसाब से पैसे ऐंठे। इसके अलावा, हर किसान से 200 की अतिरिक्त राशि जबरन वसूली गई। किसानों से कुल 5,08,840 की अवैध उगाही की गई। केंद्र पर अब तक कुल 308 कृषकों से 22,362 क्विंटल गेहूं की खरीदी की जा चुकी है। अनियमितता के साथ घोटाले का खुलासे के बाद खरीदी केन्द्र प्रभारी समेत सात के खिलाफ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। इसके साथ ही अब गड़बड़झाला करने वालो से घपले की राशि वसूलने की तैयारी शुरू हो चुकी है।
वीडियो वायरल, छापेमारी में मिली हेराफेरी
अनियमितता और हेराफेरी से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद तहसील सिहोरा अन्तर्गत देवाश्री ग्राम संगठन गोसलपुर केन्द्र क्रमांक-01 उपार्जन केन्द्र नर्मदा इंटरप्राईजेज के गौरहा स्थित गोदाम में प्रशासनिक टीम ने छापेमारी की थी। जांच के दौरान भारी हेराफेरी के साथ अनियमिततायें मिली।
गड़बड़झाला कर ऐसी की अवैध वसूली
जांच मेंं पाया गया कि खरीदी केन्द्र प्रभारी एवं अन्य कर्मचारियों द्वारा कुछ किसानों से बारदाने में गेहूं की भराई एवं तुलाई की राशि अवैध रूप से 8 रूपये प्रति बोरी एवं कुछ किसानों से राशि 10 रूपये प्रति बोरी उपार्जन केन्द्र पर कार्यरत लेबर को भुगतान कराया गया। अतिरिक्त किसानों से सिंलाई की राशि 100 रूपये एवं तौल पर्ची बनाने की राशि 100 रूपये अवैध रूप से किसान से वसूली किया गया।
उपार्जन केन्द्र में कार्यरत सर्वेयरों की भूमिका संदिग्ध पाई गई है, खरीदी सर्वेयर उपार्जन केन्द्र में गेहूं लाने वाले किसानों के ढेर का परीक्षण करने के उपरान्त तत्काल पोर्टल पर सर्वेयर एप्प के माध्यम से गेहू को एफएक्यू नहीं करते हुए भराई, तुलाई, सिंलाई के उपरान्त फीडिंग के समय गेहूं को एफएक्यू किया गया। सर्वेयरों के द्वारा किसानों से राशि वसूली के लिए अनावश्यक दबाव डाला गया। कुल 308 कृषकों से 22362 क्विटल गेहूं खरीदा जा चुका है। जिसके संबंधित कृषकों से उक्त 20 रूपये क्विटल के साथ-साथ 200 रूपये प्रति कृषक के मान से कुल अवैध वसूली राशि लगभग 5,08,840 रूपये है जो, कि संस्था से भू-राजस्व के बकाया के रूप में वसूली किया जाना है।
ये बने आरोपी
पुलिस ने खरीदी के न्द्र प्रभारी आरती रजक पति उमा रजक समेत नीलम रजक पति वीरेन्द्र कुमार रजक, ज्योति बर्मन पिता मुकेश वर्मन, शिखा कोरी पति सूरज कोरी, तुलाई कोरी, आनंद पटेल, अंकित उपाध्याय पिता मुकेश कुमार, अमर चौधरी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है ।
