भोपाल: राजधानी के सबसे बड़े उच्च शिक्षण संस्थानों में शामिल बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के नाम परिवर्तन की प्रक्रिया ने नया मोड़ ले लिया है। विश्वविद्यालय की कार्य परिषद (ईसी) ने बुधवार को आयोजित बैठक में विश्वविद्यालय का नाम बदलकर वाग्देवी भोजपाल विश्वविद्यालय किए जाने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी। अब यह प्रस्ताव अंतिम निर्णय के लिए राज्य सरकार को भेजा जाएगा।
कार्य परिषद की बैठक में इस मुद्दे पर विस्तार से चर्चा की गई, जिसके बाद सभी सदस्यों ने एकमत होकर नाम परिवर्तन की अनुशंसा का प्रस्ताव पारित किया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परिषद की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव को अग्रिम कार्रवाई के लिए शासन के पास भेज दिया गया है।गौरतलब है कि विश्वविद्यालय का नाम बदलने की मांग लंबे समय से विभिन्न स्तरों पर उठती रही है।
कार्य परिषद से प्रस्ताव पारित होने के बाद अब इस पर अंतिम फैसला राज्य सरकार को लेना है। यदि शासन प्रस्ताव को मंजूरी देता है तो विश्वविद्यालय को नई पहचान और नए नाम के साथ जाना जाएगा। फिलहाल नाम परिवर्तन की प्रक्रिया शासन स्तर पर विचाराधीन रहेगी और सरकार की स्वीकृति के बाद ही इसे औपचारिक रूप से लागू किया जा सकेगा।
