
सीतामऊ। सुवासरा विधानसभा की धरती से निकली संकल्प यात्रा ने दिल्ली के लाल किले तक परचम लहरा दिया।भाजपा नेता एवं पर्यावरण प्रेमी विनय जांगिड़ शर्मा के नेतृत्व में 13 अगस्त को ग्राम भरतपुरा से शुरू हुई 125 युवाओं की विशाल तिरंगा साइकिल यात्रा 10 दिन में 800 किलोमीटर का सफर तय कर 23 अगस्त को दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर गर्व के साथ सम्पन्न हुई।
यह यात्रा भारतीय जनसंघ के संस्थापक, प्रखर राष्ट्रवादी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती को समर्पित थी। यात्रा का सबसे मार्मिक और भावविभोर करने वाला क्षण वो था जब भरतपुरा की माताओं-बहनों ने अपने आँगन की पवित्र मिट्टी को चुनरी में बांधकर तिलक लगाकर युवाओं को सौंपा। युवा उस पवित्र मिट्टी को 800 किमी तक सीने से लगाकर ले गए और लाल किले की प्राचीर पर माथे से लगाकर नमन किया।
पाँच महासंकल्पों के साथ राष्ट्र निर्माण का उद्घोष- राष्ट्रभक्ति का संकल्प – तिरंगा हमारी आन-बान-शान, इसका सम्मान सर्वाेपरि, पर्यावरण रक्षा का संकल्प – वृक्ष ही जीवन है, हर युवा लगाएगा एक पेड़ माँ के नाम, नशामुक्त युवा का संकल्प – नशा छोड़ो, राष्ट्र जोड़ो, स्वस्थ भारत का संकल्प – फिट रहेगा युवा, तभी तो बढ़ेगा भारत एवं विकसित भारत का संकल्प – 2047 तक भारत को विश्वगुरु बनाना ही लक्ष्य के साथ यह साइकिल यात्रा निकाली गई।
वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में दर्ज हुआ नाम-
इस अद्भुत, अकल्पनीय और ऐतिहासिक यात्रा को वर्ल्ड बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, लंदन में दर्ज किया गया है। यह केवल यात्रा नहीं, यह मंदसौर ही नहीं पूरे मध्यप्रदेश के गौरव का क्षण है। यात्रा के संयोजक विनय जांगिड़ शर्मा ने कहा – यह मेरे अकेले की यात्रा नहीं, 125 युवाओं के जुनून और भरतपुरा की माताओं के आशीर्वाद की यात्रा है। हर पैडल राष्ट्र के नाम था। पूरे क्षेत्र में हर्ष, उल्लास और गर्व का माहौल है।
