सतना: प्रारंभिक विरोध के बाद रीवा अमरपाटन और मैहर की ओर जाने वाली बसों का संचालन नवनिर्मित इंटर स्टेट बस टर्मिनल से आरंभ हो गया. लेकिन चित्रकूट, नागौद और सेमरिया रुट पर चलने वाली बसों का संचालन आईएसबीटी से नहीं किए जाने की मांग को लेकर बस ऑपरेटर अड़ गए हैं. इसके चलते पिछले 2 दिनों से जारी हड़ताल के कारण आम यात्रियों को भारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है.शहर में मैहर बाईपास पर नवनिर्मित अटल अंतरराज्यीय बस अड्डे के उद्घाटन को महीना भर भी पूरा नहीं हुआ कि इसके चलते रोज नए विवाद सामने आने लगे हैं.
हलांकि शुरुआती दौर में ना-नुकुर करने के बाद रीवा, मैहर और अमरपाटन की ओर जाने वाली बसों के ऑपरेटरों ने आईएसबीटी से बसों के संचालन पर सहमति जता दी. लिहाजा कुछ दिनों बाद ही उक्त रूट की बसों का संचालन आईएसबीटी से सुचारु होता नजर आने लगा. लेकिन वहीं दूसरी ओर चित्रकूट, नागौद और सेमरिया की ओर जाने वाली बसों के आईएसबीटी से संचालित किए जाने को लेकर गतिरोध बनना शुरु हो गया. संबंधित बस ऑपरेटरों द्वारा इस बात की मांग की गई कि चित्रकूट नागौद और सेमरिया रुट पर चलने वाली बसों का संचालन पुराने बस स्टैण्ड से ही यथावत रखा जाए. लेकिन प्रशासन द्वारा सारी बसों का संचालन आईएसबीटी से ही करने की बात जोर देते हुए कही गई.
यहां तक कि पुराने बस स्टैण्ड में बसों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए पिलर गाडऩे की कवायद भी शुरु कर दी गई. जिसे देखते हुए मंगलवार को पुराने बस स्टैण्ड में सैकड़ों की संख्या में बस ऑपरेटर सहित कर्मचारी और समर्थक एकत्र हो गए. उक्त रुट पर चलने वाली बसों के पहिए थम गए और विरोध प्रदर्शन शुरु हो गया. बसों का संचालन बंद कर विरोध प्रदर्शन का क्रम बुधवार को भी जारी रहा. इस दौरान चित्रकूट, नागौद और सेमरिया रुट की ओर आने-जाने वाले यात्रियों के सामने भारी मुसीबत खड़ी हो गई. कोई रास्ता न देख कई यात्रियों को सर्द हवाओं के बीच जहां तहां भटकने के अलावा और कोई चारा नहीं रहा.
अराजक नजर आई व्यवस्था
दो दिनों से जारी हड़ताल की वजह से जहां यात्री हलाकान होने लगे वहीं उनकी मजबूरी का फायदा उठाने का सिलसिला भी शुरु हो गया. बसों को बंद देख आटो चालकों ने मनमाना किराया लेकर नागौद कोठी बिरसिंहपुर सहित अन्य क्षेत्रों की छोटी दूरी की यात्रा करनी शुरु कर दी. जिसे देखते हुए कुछ असमाजिक तत्व सक्रिय हो गए और उन्होंने आटो चालकों को रोक कर सीधी कार्रवाई करनी शुरु कर दी. व्यवस्था की इस अराजकता का खामियाजा बेकसूर यात्रियों को भुगतना पड़ा.
बेनतीजा रही बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए बुधवार की शाम जिला कलेक्टोरेट कार्यालय के सभागार में बस युनियन, जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन और आरटीओ की मौजूदगी में बैठक शुरु हुई. बैठक में जिला कलेक्टर सतीश कुमार एस, पुलिस अधीक्षक हंसराज सिंह, एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिय़ा, नगर निगम डिप्टी कमिश्रर सत्यम मिश्रा, डीएसपी यातायात संजय खरे और प्रभारी आरटीओ संजय श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी और बस ऑपरेटर सम्मिलित हुए. चर्चा शुरु होते ही पूर्व निर्धारित बिंदुओं से भटकती नजर आने लगी. लिहाजा पहले दिन की बैठक में कोई नतीजा नहीं निकल सका.
