चितरंगी : शासकीय स्व. जगन्नाथ सिंह स्मृति महाविद्यालय परिसर इन दिनों बारिश के पानी से जलमग्न है। महाविद्यालय के मुख्यद्वार के सामने करीब दो फीट तक पानी जमा होने से विद्यार्थियों, शिक्षकों और अन्य लोगों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया और चारपहिया वाहनों को भी पानी के बीच से निकलने में कठिनाई हो रही है।
महाविद्यालय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए चितरंगी सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से छात्र-छात्राएं नियमित रूप से पहुंचते हैं। ऐसे में मुख्य प्रवेश द्वार पर लंबे समय से पानी का जमाव विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। कई विद्यार्थियों को जूते-चप्पल हाथ में लेकर पानी पार करना पड़ता है। यहां ज्ञात हो कि महाविद्यालय चारों ओर से पहाड़ी क्षेत्र से घिरा हुआ है, जिसके कारण बारिश के दौरान पानी परिसर में पहुंचना स्वाभाविक माना जा सकता है। लेकिन जल निकासी की समुचित व्यवस्था कर इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। परिसर में पानी की निकासी के लिए नाली अथवा अन्य वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से बारिश का पानी मुख्यद्वार के सामने जमा हो रहा है।
स्ट्रीट लाइट बंद, अंधेरे में डूबा कॉन्वेंट स्कूल एवं चौरा टोला मार्ग
नपानि सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 42 में कॉन्वेंट स्कूल तिराहा बिलौंजी से एलआईजी देवरा तिराहा होते हुए वार्ड क्रमांक 41 के गनियारी के चौरा टोला मार्ग तक रात के समय स्ट्रीट लाइट बंद रहने से अंधेरा छाया रहता है। स्थानीय लोगों के अनुसार कई दिनों से स्ट्रीट लाइट व्यवस्था खराब है, लेकिन नगर निगम की ओर से अब तक सुधार की ठोस पहल नहीं की गई है। रात में मार्ग से पैदल गुजरने वाले लोगों को अंधेरे के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई है। चौरा टोला मार्ग कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त है और सड़क पर बने गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को रास्ता पार करने में परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
