
नई दिल्ली। एनबीसीसी ने अपनी कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के तहत लद्दाख के दूरस्थ क्षेत्र हनले के लिए समर्पित जीवनरक्षक एम्बुलेंस सेवा की शुरुआत की। वर्ल्ड ट्रेड सेंटर, नौरोज़ी नगर से इस एम्बुलेंस को औपचारिक रूप से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
इस अवसर पर कंपनी के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के. पी. महादेवास्वामी, निदेशक (वित्त) अंजीव कुमार जैन तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी ऋतु पांडे उपस्थित रहे। उन्होंने एम्बुलेंस सेवा को रवाना करते हुए कहा कि यह पहल दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
लद्दाख का हनले क्षेत्र अत्यधिक ऊंचाई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों वाला इलाका है, जहां स्वास्थ्य सुविधाएं सीमित होने के कारण आपातकालीन चिकित्सा सहायता तक समय पर पहुंचना चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में इस एम्बुलेंस सेवा से आपात स्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया संभव हो सकेगी और स्थानीय समुदाय को बेहतर चिकित्सा सहायता मिल पाएगी।
कंपनी प्रबंधन ने कहा कि सीएसआर गतिविधियों के माध्यम से समाज में सकारात्मक और स्थायी प्रभाव उत्पन्न करना एनबीसीसी की प्राथमिकता है। दूरस्थ और जरूरतमंद क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित कर संगठन लोगों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
