भोपाल। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) सिविल सेवा परीक्षा 2025 के अंतिम परिणाम में मध्यप्रदेश के युवाओं ने उल्लेखनीय सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस वर्ष राज्य से कुल 43 अभ्यर्थियों का चयन विभिन्न प्रतिष्ठित सेवाओं के लिए हुआ है। खास बात यह रही कि भोपाल के ईशान भटनागर ने टॉप-5 में जगह बनाकर प्रदेश की प्रतिभा का परचम लहराया, जबकि पक्षल जैन की 8 वीं रैंक प्राप्त कर टॉप-10 में स्थान बनाया।
प्रदेश के अलग-अलग शहरों से भी कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों ने सफलता अर्जित की है। ग्वालियर के आदित्य मिश्रा, जबलपुर के अभिषेक दुबे, इंदौर के अनुज जैन और उज्जैन के अंकित शर्मा का चयन भी सिविल सेवाओं के लिए हुआ है। वहीं अशोकनगर के चितवन ने 17वीं रैंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है।
ईशान भटनागर फिलहाल नागपुर में रह रहे हैं, जहां उनकी मां भी उनके साथ रहती हैं। इससे पहले उनका चयन भारतीय राजस्व सेवा (IRS) में हुआ था और वे प्रशिक्षण ले रहे थे। इसी दौरान घोषित हुए नए परिणाम में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप-5 में स्थान प्राप्त किया, जिससे उनके भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में चयन का रास्ता भी साफ हो गया।
इस बीच मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने एक्स पर पोस्ट में सभी सफल अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि भोपाल के ईशान भटनागर और धार के पक्षल जैन का टॉप-10 में स्थान प्राप्त करना मध्यप्रदेश के युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और संकल्प का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं की यह सफलता आने वाली पीढ़ियों को भी प्रेरित करेगी। मुख्यमंत्री ने सभी चयनित उम्मीदवारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे देश और समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
