सतना: दो दिनों की छुट्टी के बाद सोमवार को सिविल लाइन स्थित मार्कफेड खाद वितरण केंद्र पर किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही किसान खाद लेने पहुंचने लगे और दोपहर तक लंबी कतारें लग गईं। तेज धूप और उमस के बीच किसानों को टोकन के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा।
रविवार और अवकाश के कारण दो दिनों तक खाद वितरण बंद रहने के बाद सोमवार को मार्कफेड केंद्र पर किसानों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही विभिन्न गांवों से किसान खाद लेने पहुंचे। जैसे-जैसे समय बीतता गया, किसानों की संख्या लगातार बढ़ती गई और टोकन काउंटर के बाहर लंबी लाइनें लग गईं।
दोपहर की चिलचिलाती गर्मी में किसान खाद के लिए घंटों कतार में खड़े रहे। कई किसानों ने बताया कि सुबह से लाइन में लगने के बावजूद उन्हें देर शाम तक खाद मिल सकी। भीड़ अधिक होने के कारण वितरण प्रक्रिया धीमी रही, जिससे किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
खरीफ सीजन में खाद की मांग बढ़ने के साथ ही मार्कफेड केंद्र पर किसानों की भीड़ भी लगातार बढ़ रही है। वहीं, कर्मचारियों की संख्या कम होने के कारण खाद वितरण की प्रक्रिया धीमी पड़ जाती है। इसका असर यह होता है कि केंद्र पर लंबी कतारें लग जाती हैं और किसानों को घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। तेज धूप और उमस के बीच लंबे समय तक लाइन में खड़े रहने से किसानों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जिला विपणन अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शनिवार और रविवार को अवकाश रहने के कारण सोमवार को खाद लेने के लिए किसानों की संख्या अधिक रहती है। उन्होंने कहा कि कई बार तकनीकी कारणों से सर्वर भी धीमा या डाउन हो जाता है, जिससे खाद वितरण की प्रक्रिया प्रभावित होती है और केंद्र पर किसानों की भीड़ बढ़ जाती है।
