हैदराबाद, 17 जून (वार्ता) अमेरिकी इलेक्ट्रिक कार निर्माता कंपनी टेस्ला ने बुधवार को हैदराबाद में भारत का अपना पांचवां एक्सपीरियंस सेंटर खोला। कंपनी ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह एक्सपीरियंस सेंटर शहर के आईटी हब एचआईटीईसी सिटी के नॉलेज सिटी, मधापुर में स्थित है। यहां ग्राहक नये 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव और मॉडल वाईएल का अनुभव कर सकते हैं।
यहां कंपनी के सलाहकार के निर्देश में ग्राहकों के लिए वॉकअराउंड और वाहनों को करीब से देखने का मौका होगा। ग्राहक टेस्ला की डिजाइन, तकनीक, सुरक्षा फीचर आदि के बारे में जान सकते हैं।
भारत में कंपनी के एक्सपीरियंस सेंटर बेंगलुरु, मुंबई, दिल्ली और गुरुग्राम में पहले से हैं। टेस्ला ने पूरे तेलंगाना के ग्राहकों के लिए बोल्लारम इंडस्ट्रियल एरिया में डिलीवरी और बिक्री-पश्चात सेवाएं भी शुरू की हैं।
नया लॉन्च किया गया 2026 मॉडल वाई प्रीमियम रियर-व्हील ड्राइव पांच सीटर कार है। यह केवल 5.9 सेकंड में शून्य से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है और एक बार चार्ज करने पर 500 किमी तक चलती है। भारत में इसकी कीमत 50.89 लाख रुपये रखी गयी है। ग्राहक छह लाख रुपये के डाउन पेमेंट और 39,990 रुपये की समान मासिक किस्त पर इसे खरीद सकते हैं। इसकी डिलीवरी जुलाई से शुरू होगी।
मॉडल वाई एल एक ऑल-व्हील ड्राइव छह सीटर एसयूवी है। इसे एक आदर्श पारिवारिक वाहन के रूप में विकसित किया गया है। यह एक बार पूरी तरह चार्ज करने पर 681 किमी तक चलता है और सिर्फ पांच सेकंड में शून्य से 100 किमी/घंटा की गति तक पहुंच सकता है। इस मॉडल की शुरुआती कीमत 61.99 लाख रुपये है। इसे 6.50 लाख रुपये के डाउन पेमेंट और 49,990 रुपये के समान मासिक किस्त पर खरीदा जा सकता है।
