
रीवा, जिले में नवनिर्मित बाईपास के निर्माण कार्य में लगी केसीसी कंपनी के वाहनों के विरुद्ध परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच के दौरान पाया गया कि निर्माण कार्य में लगे अधिकांश वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा तथा मध्य प्रदेश राज्य मोटरयान कर संबंधी दस्तावेज अद्यतन नहीं हैं।परिवहन विभाग की टीम ने केसीसी कंपनी के कैंप पहुंचकर वाहन संचालकों एवं प्रबंधन को निर्देश दिए हैं कि वे तीन दिवस के भीतर सभी वाहनों के वैध दस्तावेज एवं मोटरयान कर जमा करने संबंधी अभिलेख प्रस्तुत करें।
इसी अभियान के तहत शुक्रवार को एक ट्रक बिना आवश्यक दस्तावेजों के सड़क पर संचालित होता पाया गया। परिवहन विभाग ने उक्त ट्रक को जब्त कर परिवहन कार्यालय रीवा परिसर में खड़ा करा दिया है।विभागीय अधिकारियों के अनुसार यदि वाहनों के दस्तावेज मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप नहीं पाए गए तो संबंधित वाहन मालिकों एवं संचालकों पर मध्य प्रदेश मोटरयान अधिनियम के तहत शमन शुल्क एवं अन्य निर्धारित शास्ति अधिरोपित कर राजस्व की वसूली की जाएगी।परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा एवं वैधानिक नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
