वॉशिंगटन, 22 फरवरी (वार्ता) हॉलीवुड गायक-अभिनेता निक जोनास ‘जुमांजी’ के अगले भाग में फिर से काम करेंगे। उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि वह ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी के अगले भाग में जेफरसन ‘सीप्लेन’ मैकडोनो की अपनी भूमिका को फिर से अभिनीत करेंगे। फिल्म 11 दिसंबर, 2026 को विश्व स्तर पर रिलीज होगी।
निक जोनास ने सोशल मीडिया पर एक्शन-एडवेंचर सीरीज में अपनी वापसी की घोषणा की। उन्होंने लिखा, “हम वापस आ रहे हैं। जुमांजी राउंड 3” में। उन्होंने पायलट अवतार में वापस आने को लेकर अपनी खुशी जाहिर की। उनकी अभिनेत्री पत्नी प्रियंका चोपड़ा ने उन्हें प्रोत्साहित किया। नयी फिल्म ‘जुमांजी 3’ का प्रोडक्शन नवंबर 2025 में लॉस एंजिल्स में शुरू हुआ और अभी इसकी शूटिंग चल रही है। जोनास पहली बार फ्रैंचाइजी के रिवाइवल में सीप्लेन के रूप में दिखाई दिए थे और तब से वे इसका एक अहम हिस्सा बन गए हैं। वे सह अभिनेता ड्वेन “द रॉक” जॉनसन, जैक ब्लैक, केविन हार्ट और कैरेन गिलन के साथ फिर से जुड़ेंगे।

