भोपाल: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से जुड़े ‘शुद्धिकरण’ विवाद को लेकर भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। रविवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अनुसूचित जाति विभाग के पदाधिकारी और कार्यकर्ता एमपी नगर थाने पहुंचे और पुलिस को शिकायत सौंपकर मामले में FIR दर्ज करने की मांग की।
कांग्रेस का आरोप है कि उत्तराखंड के हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की जनसभा के बाद भाजपा और RSS समर्थित कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर गंगाजल छिड़ककर मंच और मैदान का कथित तौर पर ‘शुद्धिकरण’ किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने इसे छुआछूत और सामाजिक भेदभाव को बढ़ावा देने वाली मानसिकता बताते हुए आपत्ति जताई।
कार्यकर्ताओं ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ SC/ST एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई और FIR दर्ज करने की मांग की। इस दौरान प्रदीप अहिरवार समेत कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस ने ज्ञापन के जरिए भाजपा और RSS की कथित मनुवादी मानसिकता की भी आलोचना की।
