लखनऊ, 27 नवंबर (वार्ता) हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने नॉर्थ जोन इंटर यूनिवर्सिटी पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। शुक्रवार को लखनऊ विश्वविद्यालय के परांजपे क्रिकेट मैदान पर खेले गए रोमांचक फाइनल में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने दिल्ली विश्वविद्यालय को चार रन से शिकस्त देकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
हिमाचल की जीत में कप्तान आर्यवर्त शर्मा (80) और बल्लेबाज ध्रुव सिंह (61) के अर्धशतकों के बाद गेंदबाजी में अरशद धीमान के तीन विकेट निर्णायक साबित हुए। वहीं चंडीगढ़ विश्वविद्यालय ने मेजबान लखनऊ विश्वविद्यालय को 10 रन से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
फाइनल में दिल्ली विश्वविद्यालय ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने निर्धारित 30 ओवर में चार विकेट पर 229 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। सलामी बल्लेबाज ध्रुव सिंह ने 46 गेंदों पर पांच गगनचुंबी छक्कों की मदद से 61 रन की आक्रामक पारी खेली। वहीं कप्तान आर्यवर्त शर्मा ने 63 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों के सहारे 80 रन बनाए।
दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 66 गेंदों पर 84 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद आर्यवर्त ने अरशद धीमान के साथ तीसरे विकेट के लिए 45 रन जोड़े। सुकृत शर्मा ने नाबाद 38, अरशद धीमान ने 18 और सोहम ने नाबाद 19 रन बनाकर टीम को 229 रन तक पहुंचाया। दिल्ली विश्वविद्यालय की ओर से रौनक और परीक्षित ने दो-दो विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली विश्वविद्यालय की टीम ने भी जोरदार संघर्ष किया, लेकिन निर्धारित 30 ओवर में छह विकेट पर 225 रन ही बना सकी और चार रन से खिताब जीतने से चूक गई।
दिल्ली की ओर से कौशल धीमान ने 50 गेंदों पर पांच चौकों और पांच छक्कों की मदद से 70 रन की शानदार पारी खेली। वहीं करन यादव ने 42 गेंदों पर सात चौकों और एक छक्के के सहारे 56 रन बनाए। दोनों ने पहले विकेट के लिए 83 गेंदों पर 116 रन की शतकीय साझेदारी कर दिल्ली को मजबूत शुरुआत दिलाई।
