रोहित शर्मा फिर बने मुंबई इंडियंस के कप्तान, आईपीएल 2027 में संभालेंगे कमान

• पांच बार मुंबई इंडियंस को आईपीएल चैंपियन बना चुके हैं रोहित

• टीम के 20वें सीजन में रोहित की कप्तान के तौर पर वापसी बेहद खास: नीता अंबानी

*मुंबई, 27 नवंबर 2026:* रोहित शर्मा एक बार फिर मुंबई इंडियंस की कप्तानी करेंगे। मुंबई इंडियंस ने शुक्रवार को इसकी घोषणा की। आईपीएल 2027 में मुंबई इंडियंस अपना ऐतिहासिक 20वां सीजन खेलेगी और टीम की कमान उसके सबसे सफल कप्तान रोहित शर्मा के हाथों में होगी।

साल 2011 में मुंबई इंडियंस से जुड़े रोहित शर्मा ने 2013 से 2023 तक टीम की कप्तानी की थी। उनकी अगुवाई में मुंबई इंडियंस ने 2013, 2015, 2017, 2019 और 2020 में आईपीएल का खिताब जीता। रोहित का नेतृत्व, युवा प्रतिभाओं पर उनका भरोसा और प्रशंसकों से गहरा जुड़ाव मुंबई इंडियंस के सफर का अहम हिस्सा रहा है।

नीता अंबानी ने कहा, “मुंबई इंडियंस के 20वें सीजन में रोहित को एक बार फिर टीम की कमान संभालते देखना हम सभी के लिए बेहद खास है। रोहित के साथ मुंबई इंडियंस का सफर कई यादगार पलों से भरा रहा है। मुझे उम्मीद है कि यह नया अध्याय रोहित, हमारी टीम और करोड़ों प्रशंसकों को गर्व करने के और भी कई मौके देगा।”

आकाश अंबानी ने कहा, “मुंबई इंडियंस और उसके प्रशंसकों के साथ रोहित का रिश्ता बेहद खास है। रोहित के अनुभव, उनके नेतृत्व और जिस टीम को हम तैयार कर रहे हैं, उसे लेकर हम काफी उत्साहित हैं। हम ऐसा क्रिकेट खेलना चाहते हैं, जिस पर हमारे प्रशंसकों को गर्व हो।”

कप्तानी में वापसी पर रोहित शर्मा ने कहा, “मुंबई इंडियंस मेरे जीवन का एक अहम हिस्सा रही है और इस टीम की कप्तानी करना हमेशा मेरे लिए गर्व की बात रही है। मुझे पूरा भरोसा है कि हम मिलकर बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं। मैं 20वें सीजन और आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार हूं। हमारा ध्यान अपने अंदाज में क्रिकेट खेलने, एकजुट होकर मुकाबला करने और खेल का आनंद लेने पर होगा।”

Next Post

तापमान गिरने से बढ़ सकता है रक्तचाप, रखे सावधानी

Fri Nov 27 , 2026
बड़वानी, मौसम में लगातार बढ़ती ठंड अब सेहत पर भी असर डालने लगी है। तापमान में गिरावट के साथ ही हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढऩे की आशंका रहती है। बीते कुछ दिनों से शहर में आधा दर्जन हार्ट अटैक के मामले सामने आ चुके हैं। हार्ट अटैक और स्ट्रोक […]

You May Like

मनोरंजन