तापमान गिरने से बढ़ सकता है रक्तचाप, रखे सावधानी

बड़वानी, मौसम में लगातार बढ़ती ठंड अब सेहत पर भी असर डालने लगी है। तापमान में गिरावट के साथ ही हृदय संबंधी बीमारियों का खतरा बढऩे की आशंका रहती है। बीते कुछ दिनों से शहर में आधा दर्जन हार्ट अटैक के मामले सामने आ चुके हैं। हार्ट अटैक और स्ट्रोक के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहे हैं। सर्दियों के मौसम में उन लोगों के लिए अधिक चुनौतीपूर्ण हो सकता है, जो पहले से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, मोटापा और हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे में बदलते मौसम के साथ दिल की सेहत का ध्यान रखना बेहद जरूरी हो गया है।

रक्त वाहिकाएं सिकुडऩे लगती हैं

ठंड के मौसम में शरीर का तापमान बनाए रखने के लिए रक्त वाहिकाएं सिकुडऩे लगती हैं। इसके कारण रक्तचाप बढ़ सकता है और हृदय को शरीर में रक्त पहुंचाने के लिए अधिक मेहनत करनी पड़ती है। ठंड में रक्त के थक्के बनने की प्रवृत्ति भी बढ़ सकती है। पहले से हृदय रोग से पीडि़त लोगों के लिए जोखिम बढ़ा सकती है। यही कारण है कि सर्दियों में हृदय संबंधी समस्याओं को लेकर विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

सुबह ज्यादा सतर्कता की जरूरत

सर्दियों में सुबह के समय तापमान काफी कम रहता है। ऐसे में अचानक बिस्तर से उठकर ठंडे वातावरण में जाना शरीर पर दबाव डाल सकता है। डॉक्टरों का कहना है कि विशेषकर बुजुर्गों और हृदय रोगियों को सुबह जल्दी ठंड में बाहर निकलने से बचना चाहिए। नियमित मॉर्निंग वॉक करने वाले लोगों को भी तापमान और अपनी शारीरिक क्षमता का ध्यान रखना चाहिए। बहुत अधिक ठंड होने पर धूप निकलने के बाद टहलना बेहतर है। इसके पहले हल्का वार्मअप कर लें।

बुजुर्गों व हृदय रोगी को अधिक खतरा

60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को सर्दियों में अपनी सेहत को लेकर विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। जिन्हें पहले हार्ट अटैक आ चुका है या जिनकी हृदय की पंपिंग क्षमता कम है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के अनुसार ही व्यायाम और दिनचर्या निर्धारित करनी चाहिए। हाई ब्लड प्रेशर और डायबिटीज के मरीजों को नियमित जांच कराते रहना चाहिए।

लापरवाही पड़ सकती है भारी

ठंड के मौसम में तली-भुनी चीजों, अधिक नमक और वसा युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन बढ़ जाता है। शारीरिक गतिविधियां कम होने से भी वजन और कोलेस्ट्रॉल बढऩे की आशंका रहती है। विशेषज्ञ संतुलित आहार लेने, हरी सब्जियां, मौसमी फल और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह देते हैं। साथ ही धूम्रपान और तंबाकू से दूरी बनाना भी दिल को स्वस्थ रखने के लिए जरूरी है।

नियमित जांच से कम होगा जोखिम

सर्दियों में दिल को स्वस्थ रखने के लिए नियमित रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल की जांच कराना जरूरी है। पर्याप्त नींद लें, तनाव से बचें और डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित शारीरिक गतिविधियां जारी रखें। ठंड से बचने के लिए शरीर को गर्म कपड़ों से ढककर रखें। हृदय रोग से पीडि़त मरीज किसी भी तरह का व्यायाम शुरू करने से पहले चिकित्सकीय सलाह अवश्य लें। सर्दियों में सेहत के प्रति थोड़ी सी लापरवाही भी भारी पड़ सकती है।

इन संकेतों को न करें नजर अंदाज

डॉक्टरों के अनुसार सीने में दर्द या भारीपन, सांस लेने में परेशानी, अचानक ठंडा पसीना आना, चक्कर आना, अत्यधिक बेचैनी और दर्द का हाथ, पीठ, गर्दन या जबड़े तक पहुंचना हार्ट अटैक के संकेत हो सकते हैं। महिलाओं, बुजुर्गों व डायबिटीज के मरीजों में कभी-कभी लक्षण अलग भी हो सकते हैं। ऐसे लक्षण सामने आने पर तत्काल अस्पताल पहुंचना चाहिए।

जांच कराते रहे

बदलते मौसम में ठंड से बचाव के साथ दिल की सेहत का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। हृदय रोगी नियमीत रूप से जांच कराते रहे।

डॉ राम पाटीदार, एमडी मेडिसिन जिला अस्पताल बड़वानी

Next Post

जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही पर सीएम सख्त, देवास के जीएम उद्योग निलंबित

Fri Nov 27 , 2026
देवास। जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया। शुक्रवार को देवास के पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में आवेदकों की शिकायतें सुनते हुए उन्होंने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक को निलंबित कर दिया। वहीं, लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति […]

You May Like

मनोरंजन