सोफिया, 10 नवंबर (वार्ता) बुल्गारिया के त्रासिया मोटरवे पर जिम्नित्सा क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए दो गंभीर सड़क हादसों में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 50 अन्य घायल हो गए। इस भीषण दुर्घटना में कुल 86 वाहन आपस में टकरा गए।
उप गृह मंत्री कालोयान कालोयानोव ने दुर्घटनास्थल का दौरा करने के बाद बताया कि बर्गास की ओर जाने वाले लेन में 63 वाहन और सोफिया की ओर जाने वाले लेन में 23 वाहन इन सिलसिलेवार हादसों का शिकार हुए।
प्रधानमंत्री रुमेन रादेव ने वारना में घोषणा की थी कि इस दुर्घटना में 11 लोगों की जान चली गई है और 48 लोग घायल हुए हैं, इसके बाद मंत्री कात्या इवकोवा ने मृतकों की संख्या बढ़कर 12 होने की पुष्टि की। प्रधानमंत्री रादेव और रक्षा मंत्री आंतरिक मंत्री के साथ स्थिति का जायजा लेने के लिए विशेष सरकारी विमान से बर्गास पहुंचे और वहां से सीधे दुर्घटनास्थल के लिए रवाना हुए। घायलों को सोफिया के अस्पतालों में पहुंचाने के लिए दो स्पार्टन विमानों को तैनात किया गया, जो पहले बर्गास हवाई अड्डे पर उतरे और बाद में याम्बोल से घायलों को लेकर राजधानी के लिए रवाना हुए।
याम्बोल क्षेत्रीय अस्पताल के उप-निदेशक डॉ. वालेंटिन वाल्चेव ने बताया कि अस्पताल में 11 घायलों को भर्ती कराया गया है, जिनमें से अधिकांश की हालत गंभीर है।
गौरतलब है कि यह दर्दनाक हादसा मंगलवार सुबह करीब 07:00 बजे के बाद हुआ। पहला हादसा 289वें किलोमीटर के क्षेत्र में बर्गास की ओर जाने वाले मार्ग पर हुआ, जहां कई कारें एक के बाद एक श्रृंखला में आपस में टकरा गईं। इसके कुछ ही मिनटों बाद, सोफिया की ओर जाने वाले मार्ग पर भी इसी तरह की एक और गंभीर दुर्घटना हो गई, जिससे स्थिति और अधिक विकट हो गई।
