नयी दिल्ली, 10 नवंबर (वार्ता) सिख विरोधी दंगों के पीड़िताें की नि:शुल्क कानूनी सहायता करने के लिए चर्चित उच्चतम न्यायालय के वरिष्ठ अधिवक्ता और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता हरविंदर सिंह (एचएस) फूलका ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 1984 के सिखों के कत्लेआम के मामले में ”अपने परिवार को खुद क्लीन चिट देने की कोशिश की है।”
श्री फूलका ने यहां भाजपा के राष्ट्रीय मुख्यालय में मीडिया से बातचीत में कहा कि श्रीमती गांधी की किताब में किया गया यह दावा कि दिल्ली में सेना की तैनाती में विलम्ब तत्कालीन सेना प्रमुख जनरल वैद्य की वजह से हुआ, ‘तथ्यों के विपरीत है।”
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद दिल्ली और अन्य जगहों पर हुए सिख विरोधी दंगों पर न्यायमूर्ति रंगनाथ मिश्रा आयोग और न्यामूर्ति जीटी नानावती आयोग की रिपोर्टों का हवाला देते हुए कहा कि दंगे रोकने के लिए सेना की तैनाती में देरी को लेकर श्रीमती गांधी की पुस्तक ‘बिलांगिग: ए जर्नी ऑफ लव’ में किये गये दावे को “तथ्यों के विपरीत और बिल्कुल असत्य बताया है।”
वरिष्ठ अधिवक्ता ने कहा, ” किताब में उन्होंने (श्रीमती गांधी ने) लिखा है कि 31 अक्टूबर (1984) की रात को श्री राजीव गांधी ने आर्मी चीफ जनरल वैद्य से कहा कि सेना को बुलाया जाए। इस पर जनरल वैद्य ने खुद यह फैसला लिया कि दिल्ली के आसपास जो सेना तैनात है, वह सिख रेजिमेंट है, इसलिए सिख सेना को नहीं बुलाया जाना चाहिए। उन्होंने दिल्ली से दूर देहरादून और अन्य जगहों से सेना को बुलाया। सोनिया गांधी के अनुसार, यह जनरल वैद्य का अपना निर्णय था और सेना के आने में देरी होने के कारण ही उसकी तैनाती में विलंब हुआ।”
श्री फूलका ने कहा , ” किताब में यह दावा वास्तविक तथ्यों के बिल्कुल खिलाफ है। पहली बात तो यह है कि मिश्रा आयोग की रिपोर्ट के अनुसार, 31 अक्टूबर की रात और 1 नवंबर की सुबह दिल्ली में 6,100 सैनिक उपलब्ध थे, मगर उन्हें समय पर तैनात नहीं किया गया। आयोग ने यह भी लिखा है कि यदि इनमें से 5,000 सैनिकों को 1 नवंबर की सुबह दिल्ली की सड़कों पर मार्च करवाया जाता, तो कम से कम 2,000 सिखों की जान बचाई जा सकती थी। मिश्रा आयोग और नानावती आयोग, दोनों ने अपनी रिपोर्टों में यही बात लिखी है।”
उन्होंने कहा कि जनरल वैद्य ने भी अपना बयान दिया और कहा कि उन्होंने कहीं नहीं कहा कि राजीव गांधी या प्रधानमंत्री ने उन्हें ऐसा करने को कहा था।
श्री फूलका ने मिश्रा आयोग की रिपोर्ट के हवाले से यह भी कहा है कि ” भले ही राजीव गांधी ने जनरल वैद्य को सतर्क कर दिया हो, लेकिन सेना प्रमुख का काम केवल सेना को जुटाकर रखना होता है, जबकि सेना को बुलाकर मैदान में तैनात करने की जिम्मेदारी प्रशासनिक अधिकारियों की होती है। प्रशासनिक तंत्र ने न तो सेना को समय पर बुलाया और न ही उसकी तैनाती की।”
उन्होंने सवाल किया है, ” राजीव गांधी उस समय देश के प्रधानमंत्री थे। अगर वह खुद इसके लिए (मार-काट के लिए) सीधे जिम्मेदार नहीं थे, तो सिखों के इन कातिलों को शरण देने वालों और 1 नवंबर 1984 की सुबह दिल्ली में मौजूद सेना को सक्रिय न करने वालों के खिलाफ उन्होंने क्या कार्रवाई की? इसके विपरीत, राजीव गांधी ने अपनी पहली जनसभा में यह बयान दिया था कि, ‘जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती थोड़ी हिलती है।’ इस तरह उन्होंने पूरे नरसंहार को सही ठहराने की कोशिश की।”
श्री फूलका ने कहा , ” सोनिया गांधी जी की जो किताब आई है, उसमें उन्होंने सिखों के कत्लेआम के मामले में अपने परिवार को सेल्फ क्लीन चिट देने (स्वयं साफ पाक करार देने) की कोशिश की है। सोनिया गांधी द्वारा अपनी पुस्तक में राजीव गांधी और अपने परिवार को इस मामले में क्लीन चिट देना आधिकारिक रिकॉर्ड के पूरी तरह खिलाफ और एक सफेद झूठ है।”
