जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही पर सीएम सख्त, देवास के जीएम उद्योग निलंबित

देवास। जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया। शुक्रवार को देवास के पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में आवेदकों की शिकायतें सुनते हुए उन्होंने उद्योग विभाग के महाप्रबंधक को निलंबित कर दिया। वहीं, लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति के मामले में संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोकने और नल-जल योजना में लापरवाही पर ठेकेदार पर 10 लाख रुपए की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल होकर एक-एक कर आवेदकों से रूबरू होकर उनकी समस्याएं सुनीं। आवेदक की समस्या का त्वरित समाधान नहीं करने और इससे संबंधित प्रकरण की नस्ती प्रस्तुत नहीं कर पाने और समस्या के समाधान के प्रति उदासीनता बरतने पर मुख्यमंत्री ने नाराजगी व्यक्त करते हुए देवास के महाप्रबंधक उद्योग रतनसिंह डावर को निलंबित कर दिया है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में देवास की आवेदिका सलोनी सिसौदिया की समस्या सुनी और लाड़ली लक्ष्मी योजना की छात्रवृत्ति का भुगतान प्राप्त नहीं होने, छात्रवृत्ति अन्य खाते में जमा हो जाने तथा पर्यवेक्षक द्वारा फॉलोअप नहीं कर खाते में छात्रवृत्ति जमा नहीं करवाने पर महिला एवं बाल विकास विभाग की संबंधित पर्यवेक्षक की एक वेतन वृद्धि रोक दी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जनसमस्याओं के निराकरण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सैनिक स्व. पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपए की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान और सहयोग शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने सैनिक के परिजनों से चर्चा करते हुए कहा कि सैनिक के प्रकरण का आवश्यक परीक्षण करवाकर सरकार द्वारा सैनिक को शहीद का दर्जा प्रदान करने पर विचार किया जा रहा है।

वन अधिकार पट्टाधारी किसान लालसिंह को फसल बीमा की राशि नहीं मिलने की समस्या सामने आने पर मुख्यमंत्री ने किसान को 50 हजार रुपए की राशि प्रदान करने की घोषणा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को राशि के भुगतान की प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। समाधान ऑनलाइन में मुख्यमंत्री ने देवास जिले के करण देवड़ा, नीरज दुबे, सलोनी सिसोदिया हरेंद्र पांचाल एवं आवेदक लाल सिंह पिता रतनलाल से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनी और उनका तत्परतापूर्वक निराकरण के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने देवास के सुरेश मालवीय की नल जल योजना की शिकायत पर लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपए पैनल्टी लगाने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े, संभागायुक्त उज्जैन आशीष सिंह, एडीजी उज्जैन राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य मिश्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Next Post

नाबालिग के हाथ में बोलेरो बनी मुसीबत

Fri Nov 27 , 2026
झिरन्या। बालक-बालिका छात्रावास के सामने रहवासी क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 6 बजे नाबालिग द्वारा बोलेरो चलाना लोगों के लिए मुसीबत बन गया। वाहन सीखने के दौरान सफेद रंग की बोलेरो एमपी 10 झेडबी 4501 अचानक अनियंत्रित हो गई। बिजली कंपनी में अटैच बताई जा रही इस गाड़ी ने रास्ते […]

You May Like

मनोरंजन