नाबालिग के हाथ में बोलेरो बनी मुसीबत

झिरन्या। बालक-बालिका छात्रावास के सामने रहवासी क्षेत्र में बुधवार शाम करीब 6 बजे नाबालिग द्वारा बोलेरो चलाना लोगों के लिए मुसीबत बन गया। वाहन सीखने के दौरान सफेद रंग की बोलेरो एमपी 10 झेडबी 4501 अचानक अनियंत्रित हो गई। बिजली कंपनी में अटैच बताई जा रही इस गाड़ी ने रास्ते में कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मारी और अंत में अरदला के पंचायत सचिव बलिराम सिंधिया के घर के ओटले से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शी रवि कुशवाह, मनीष गुप्ता, राहुल दांगोडे और राजकुमार त्रिपाठी के अनुसार हादसे के समय गली में बच्चे और बुजुर्ग मौजूद नहीं थे। यदि वे वाहन की चपेट में आ जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। गनीमत रही कि दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन कई दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इनमें एक वाहन पुलिसकर्मी का भी बताया जा रहा है। पंचायत सचिव बलिराम सिंधिया के घर के ओटले को भी नुकसान पहुंचा है। हादसे के बाद लोगों ने नाबालिग को पकडऩे का प्रयास किया, लेकिन वह डर के कारण मौके से भाग निकला। सूचना पर पुलिस पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को अभिरक्षा में लिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि बिजली कंपनी में अटैच वाहन नाबालिग के हाथ कैसे पहुंचा और उसे वाहन चलाने की अनुमति किसने दी थी।

Next Post

बीजी रोड ओवरब्रिज चली गाेली, युवक घायल

Fri Nov 27 , 2026
गुना। गुना के बीजी रोड पर ओवर ब्रिज गुरुवार-शुक्रवार दरमियानी रात करीब 2 बजे एक युवक पर गोली चलाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि कृष्णानी कॉलोनी निवासी रोहन नागर अपने दोस्तों के साथ था, इसी दौरान आनंद जाटव नामक व्यक्ति ने उसे फोन करके बुलाया। […]

You May Like

मनोरंजन