सैनिक अपने लहू के एक-एक बूंद और जीवन की एक-एक श्वास को राष्ट्र के लिए कुर्बान करता है: कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव

इंदौर:भारत माँ के युवाओं के हाथों में अगर कलाम की ताकत आ गई तो वें एक नया इतिहास लिख सकते हैं और अगर तलवार की ताकत आ गई तो भारत का एक नया इतिहास रच सकते हैं। इतनी आपके अंदर क्षमता और योग्यताएं हैं। बहुत खुशनसीब हैं हम जो इस भारत की भूमि पर जन्म पाया क्योंकि यह धरती जप की, तप की, ज्ञान की, विज्ञान की, पुरुषार्थ की, परमार्थ की, वीरों की, वीरांगनाओं की धरती है। ऐसी धरती पर जन्म लेना शायद कई जन्मों का पुण्य रहा होगा जो भारत मां के बेटे बेटियों के रूप में उनके आंचल में खेल कूद रहे हैं।”

उक्त विचार भारत मां के वीर सपूत परमवीर चक्र प्राप्त ऑपरेशन विजय ‘कारगिल’ के नायक कैप्टन योगेंद्र सिंह यादव ने एन.सी.सी, एन.एस.एस, आर.ए.पी.टी.सी, प्रथम एवं 15वीं बटालियन, भारत स्काउट गाइड एवं पुलिस जवानों से खचाखच भरे ज्ञानशिखर ओमशांति भवन के सभागृह में ब्रह्माकुमारीज़ के सुरक्षा सेवा प्रभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम “अद्भुत शौर्य गाथा” में अपने कारगिल युद्ध के अनुभव सुनाते हुए व्यक्त किये।

आगे आपने कहा कि आज के युवा या तो क्रिकेटरों को या फिल्मी सितारों को इंटरनेट पर सर्च करते हैं लेकिन भारत मां के उन बेटों को सर्च नहीं करते जो लहू की एक-एक बूंद और जीवन की एक-एक श्वास को इस राष्ट्र पर आपके लिए कुर्बान करते हैं ताकि आप अपने घरों में चैन की नींद सो सकें। आपने कारगिल युद्ध का जीवंत चित्रण करते हुए बताया कि कैसे 17 गोली लगने के कारण पूरा शरीर छलनी होने के बाद भी अपने मनोबल और परमात्म शक्ति पर अटूट विश्वास के आधार पर मौत के करीब होते भी देश की रक्षा का जज्बा और जुनून जिंदा रहा जिसकी ही बदौलत भारतीय सेना ने कारगिल युद्ध में विजय हासिल की।

आपने अपने अनुभव के आधार पर युवाओं को प्रेरित करते हुए सफलता के कुछ मुख्य बिंदु सांझा किया-
▫️समय जीवन की बेशकीमती संपत्ति है। आज का काम आज ही करना है, कल पर नहीं टालना है क्योंकि परमात्मा हमें नया जीवन देता है तो नई-नई चुनौतियां भी देता है इसलिए समय की महत्ता को समझना जरूरी है।
▫️सफलता अहंकार पैदा करती है इसलिए कभी भी इसे सिर पर सवार ना होने दें। सदा ही आगे बढ़ते रहें।
▫️जिस रोल मॉडल को हम चुन लेते हैं, अपने मन में बसा लेते हैं वैसी ही हमारी भाव भावनाएं बनने लगती हैं और वैसे ही चरित्र का निर्माण होता है। इसीलिए यह बहुत जरूरी है कि किस व्यक्ति को हम अपने जीवन का आदर्श बनाते हैं।
▫️थोड़ी सी नफरत की चिंगारी पूरी मानवता को ध्वस्त कर सकती है। अतः हमें शांति का मार्ग अपनाना चाहिए क्योंकि जहां शांति है वहीं उन्नति है।
▫️स्वयं के साथ जो वायदा करते हैं अगर उस पर दृढ़ रहे तो असीम शक्ति का एहसास होता रहेगा।

इस अवसर पर सभी का स्वागत करते हुए इंदौर जोन की क्षेत्रीय निदेशिका ब्रह्माकुमारी हेमलता दीदी ने कहा कि भारत मां को गुलामी की जंजीरों से छुड़ाकर दिन-रात देश की रक्षा में तैनात रहने वाले वीर योद्धा, जाबाज़ सिपाही हमारे भारतीय सैनिक है, जिनके कारण आज हम सुरक्षित हैं। ऐसे वीर सैनिकों को हम नमन करते हैं।

जबलपुर से पधारे रिटायर्ड लेफ्टिनेंट कर्नल विकास राव चौहान ने कहा कि जीवन इतना सुंदर है पर इसकी सुंदरता का एहसास तब होगा जब हम अपने को भीतर से झांकेंगे। आज का यह पल जो आपने वीरगाथा सुनी यह बहुत जल्दी ही आपके जीवन को एक नई दिशा देगा।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। ब्रह्माकुमारी भुनेश्वरी बहन ने सभी को योग की गहन अनुभूति कराई। संचालन ब्रह्माकुमारी शारदा बहन ने किया।
ईश्वरीय सेवा में,
ब्रह्माकुमारी अनीता
ज्ञानशिखर, ओमशांति भवन, इंदौर

Next Post

आरआई ने सीमांकन करने किसान से मांगे 3 हजार और पकड़े गए

Wed Dec 17 , 2025
रीवा: राजस्व अधिकारियों का लालच खत्म नहीं हो रहा। एक और राजस्व अधिकारी लोकायुक्त के हत्थे चढ़ गया। सीमांकन के लिए किसान से 3 हजार रुपए की मांग की थी। रुपए लेते लोकायुक्त ने आरआई को धर दबोचा। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।मिली जानकारी के […]

You May Like