पाकिस्तान की निकिता की गुहार पति को भारत में रहने न दें, वापस भेजा जाए

इंदौर. कराची की रहने वाली निकिता नागदेव ने अपने पति विक्रम नागदेव को पाकिस्तान वापस भेजने की मांग को लेकर हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. निकिता की ओर से एडवोकेट दिनेश रावत ने याचिका दायर कर बताया कि शादी के बाद विक्रम भारत में बस गया और अब दूसरी शादी की तैयारी कर रहा है, जबकि निकिता पाकिस्तान में रहकर इंसाफ की गुहार लगा रही हैं.

विक्रम नागदेव शहर में ही रह कर सियागंज में सूखे मेवे का व्यवसाय करता है. मामले की जानकारी मिलने के बाद सिंधी समाज के पंच किशोर कोडवानी ने भी परिवारिक स्तर पर समझाइश की, लेकिन विवाद सुलझ नहीं सका. कोडवानी ने प्रशासन को भी पत्र लिखा, पर कार्रवाई नहीं हुई. निकिता का वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें वह बताती हैं कि 26 जनवरी 2020 को कराची में हिंदू रीति से शादी हुई थी. एक माह बाद विक्रम उन्हें भारत लेकर आया, लेकिन वीजा समस्या का बहाना बनाकर 9 जुलाई 2020 को अटारी बॉर्डर से वापस कराची भेज दिया. निकिता का कहना है कि इसके बाद पति ने दोबारा बुलाने की कोई कोशिश नहीं की, उल्टा दिल्ली निवासी शिवांगी ढींगरा से सगाई कर ली है और मार्च 2026 में शादी की तैयारी चल रही है. निकिता का आरोप है कि भारत आने के बाद ससुराल पक्ष का व्यवहार जल्द ही बदल गया और पता चला कि विक्रम का उन्हीं के एक रिश्तेदार से अफेयर है. जब बात ससुर को बताई तो उन्होंने इसे सामान्य बताकर टाल दिया. कोरोना काल में उन्हें मजबूरी में पाकिस्तान भेज दिया और आज तक वापस नहीं बुलाया. निकिता ने प्रधानमंत्री से भी अपील की है कि चूंकि विक्रम भारत में अवैध रूप से रह रहा है, इसलिए उसे पाकिस्तान भेजा जाए. इससे पहले 15 जनवरी 2025 को निकिता ने इंदौर स्थित सिंधी पंच मध्यस्थता एवं विधिक परामर्श केंद्र में वॉट्सऐप के माध्यम से शिकायत भेजी थी, लेकिन उन्हें कहा गया कि सुनवाई के लिए इंदौर आना होगा. निकिता ने कहा कि वह पाकिस्तान से ही न्याय चाहती हैं.

Next Post

भारत में पहली बार यूनेस्को का अमूर्त सांस्कृतिक विरासत सम्मेलन आठ दिसंबर से

Sun Dec 7 , 2025
नयी दिल्ली, 07 दिसंबर (वार्ता) ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ (आईएचसी) की सुरक्षा के लिए संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक और सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) के सम्मेलन का आयोजन पहली बार भारत में किया जा रहा है। यूनेस्को की अंतरसरकारी समिति का यह 20वां सत्र दिल्ली के लाल किला परिसर में आठ से 13 […]

You May Like