प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इंडोनेशिया यात्रा केवल एक औपचारिक राजनयिक दौरा नहीं, बल्कि भारत की बदलती वैश्विक भूमिका का स्पष्ट संकेत है. इस यात्रा के दौरान रक्षा, व्यापार, तकनीक, शिक्षा, कृषि, संस्कृति और समुद्री सुरक्षा से जुड़े 20 महत्वपूर्ण समझौतों एवं पहलों पर सहमति बनी है. इन समझौतों ने भारत और इंडोनेशिया के संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी के नए स्तर पर पहुंचा दिया है. यह ऐसे समय में हुआ है, जब हिंद-प्रशांत क्षेत्र वैश्विक शक्ति संतुलन का केंद्र बन चुका है और समुद्री सुरक्षा से लेकर आपूर्ति शृंखला तक हर क्षेत्र में नए समीकरण बन रहे हैं. इस यात्रा का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष रक्षा सहयोग रहा. ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल की आपूर्ति के लिए हुआ समझौता भारत के रक्षा निर्यात की बढ़ती क्षमता का प्रमाण है. फिलीपींस और वियतनाम के बाद इंडोनेशिया का भी इस मिसाइल को अपनाना दर्शाता है कि भारतीय रक्षा तकनीक पर दुनिया का भरोसा लगातार बढ़ रहा है. इसी प्रकार, इंडोनेशिया के सुपर -30 लड़ाकू विमानों के लिए अस्त्र मिसाइल का चयन भारत की स्वदेशी रक्षा तकनीक की स्वीकार्यता को नई पहचान देता है. यह केवल हथियारों का निर्यात नहीं, बल्कि भारत की सामरिक विश्वसनीयता का विस्तार भी है.समुद्री सुरक्षा के क्षेत्र में हुए समझौते भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं. हिंद महासागर और मलक्का जलडमरूमध्य विश्व व्यापार की जीवनरेखा माने जाते हैं. सबंग बंदरगाह के विकास में सहयोग तथा गुरुग्राम स्थित सूचना समन्वय केंद्र में इंडोनेशिया के संपर्क अधिकारी की नियुक्ति से दोनों देशों के बीच समुद्री निगरानी, सूचना साझा करने और क्षेत्रीय सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी. यह सहयोग हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति और स्थिरता बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है.आर्थिक क्षेत्र में हुए समझौते भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं. क्रिटिकल मिनरल्स, रेयर अर्थ एलिमेंट्स और स्टील की आपूर्ति शृंखला पर सहयोग से दोनों देश वैश्विक विनिर्माण और हरित प्रौद्योगिकी की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत कर सकेंगे. सेल और क्राकाटाउ स्टील का संयुक्त उद्यम औद्योगिक साझेदारी का नया मॉडल प्रस्तुत करता है. वहीं, भारत के यूपीआई को इंडोनेशिया की भुगतान प्रणाली से जोडऩे तथा ओएनडीसी की तर्ज पर इंडोनेशिया ओपन नेटवर्क की शुरुआत डिजिटल अर्थव्यवस्था में भारत के नेतृत्व को रेखांकित करती है. शिक्षा, कृषि और सांस्कृतिक सहयोग इस साझेदारी को और व्यापक बनाते हैं. आईआईएम बेंगलुरु का इंडोनेशिया में विदेशी परिसर स्थापित होना भारतीय शिक्षा की वैश्विक प्रतिष्ठा का प्रमाण है. गेहूं के उच्च गुणवत्ता वाले बीजों की आपूर्ति और प्रमबनान मंदिर के संरक्षण में सहयोग दोनों देशों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊर्जा देंगे. प्रधानमंत्री मोदी को इंडोनेशिया के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘बितांग आदिपूर्ण’ से सम्मानित किया जाना भी दोनों देशों के बीच बढ़ते विश्वास और सम्मान का प्रतीक है. भारत और इंडोनेशिया केवल पड़ोसी समुद्री राष्ट्र नहीं, बल्कि साझा सभ्यतागत विरासत और समान रणनीतिक हितों वाले साझेदार हैं. आवश्यकता इस बात की है कि इन समझौतों को समयबद्ध ढंग से धरातल पर उतारा जाए. यदि ऐसा हुआ तो यह साझेदारी केवल द्विपक्षीय संबंधों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र की स्थिरता, आर्थिक समृद्धि और भारत की वैश्विक भूमिका को भी नई दिशा देगी. वास्तव में, यह दोनों देशों के संबंधों में एक स्वर्णिम अध्याय की सार्थक शुरुआत है.
