पीओके में जनता पर गोलियां चलाना बताता है कि आर्थिक संकट, राजनीतिक अस्थिरता और जनाक्रोश अब पाकिस्तान के लिए गंभीर चुनौती बन चुके हैं. पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में प्रदर्शनकारियों पर पाक रेंजर्स की गोलीबारी केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने की कार्रवाई नहीं है. यह उस गहरे असंतोष का विस्फोट है, जो वर्षों से राजनीतिक उपेक्षा, आर्थिक बदहाली और प्रशासनिक विफलताओं के कारण भीतर-ही-भीतर सुलग रहा था. जिस देश की सरकार अपने ही नागरिकों की समस्याओं का समाधान संवाद से नहीं, बल्कि गोलियों से करने लगे, वहां लोकतंत्र की मजबूती के दावों पर स्वाभाविक रूप से प्रश्न उठते हैं.
पिछले कुछ समय से पीओके में महंगाई, बेरोजगारी, बिजली संकट, बढ़ते करों और बुनियादी सुविधाओं की कमी को लेकर जनता लगातार आंदोलन कर रही है. स्थानीय लोगों की मांगें कोई असाधारण नहीं थीं. वे सस्ती बिजली, आवश्यक वस्तुओं पर राहत और स्थानीय संसाधनों पर अधिक अधिकार चाहते थे. यदि इन मांगों पर संवेदनशीलता से विचार किया जाता, तो हालात इस मोड़ तक नहीं पहुंचते. दुर्भाग्य से पाकिस्तान की सत्ता ने संवाद का रास्ता छोडक़र दमन का विकल्प चुना, जिसका परिणाम हिंसा और जनहानि के रूप में सामने आया.
यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तान में असहमति की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास हुआ हो. बलूचिस्तान, खैबर पख्तूनख्वा और सिंध जैसे क्षेत्रों में भी लंबे समय से स्थानीय असंतोष समय-समय पर सामने आता रहा है. अब पीओके में भी उसी प्रकार का जनाक्रोश दिखाई देना इस बात का संकेत है कि पाकिस्तान का संकट केवल आर्थिक नहीं, बल्कि राजनीतिक और संस्थागत भी बन चुका है. जब अलग-अलग क्षेत्रों में जनता का भरोसा शासन से उठने लगे, तो किसी भी राष्ट्र की स्थिरता कमजोर पडऩे लगती है.
लोकतंत्र का अर्थ केवल चुनाव कराना नहीं है. लोकतंत्र की वास्तविक पहचान यह है कि सरकार असहमति को सुनने का साहस रखे, आलोचना को स्वीकार करे और जनता की समस्याओं का समाधान संवैधानिक तथा शांतिपूर्ण तरीकों से निकाले. निहत्थे प्रदर्शनकारियों पर गोली चलाना किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था की कमजोरी का प्रतीक माना जाएगा. इस पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि कहीं मानवाधिकारों का उल्लंघन हुआ है, तो दोषियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए. दरअसल,पाकिस्तान गृहयुद्ध के मुहाने पर पहुंच गया है, देश के भीतर अस्थिरता तेजी से बढ़ रही है. आर्थिक संकट, राजनीतिक ध्रुवीकरण, आतंकवाद, सेना और राजनीतिक नेतृत्व के बीच अविश्वास तथा विभिन्न प्रांतों में बढ़ता जनाक्रोश मिलकर ऐसी परिस्थितियां बना रहे हैं, जिनसे निपटना पाकिस्तान के शासकों के लिए मुश्किल साबित हो रहा है.
भारत के लिए भी यह घटनाक्रम महत्त्वपूर्ण है. पड़ोसी देश की अस्थिरता का असर सीमा सुरक्षा, आतंकवाद और क्षेत्रीय शांति पर पड़ सकता है. इसलिए भारत को पूरी सतर्कता बनाए रखते हुए अपनी सुरक्षा तैयारियों को मजबूत रखना होगा. साथ ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में मानवाधिकारों की स्थिति और वहां के नागरिकों की वास्तविक समस्याओं को तथ्यात्मक ढंग से उठाने का प्रयास भी जारी रखना चाहिए.इतिहास बताता है कि बंदूकें सत्ता को कुछ समय के लिए बचा सकती हैं, लेकिन जनता का विश्वास नहीं जीत सकतीं. यदि पाकिस्तान इस मूल सत्य को नहीं समझता, तो पीओके की घटनाएं उसके लिए कहीं बड़े संकट का संकेत साबित हो सकती हैं.
