मध्य प्रदेश ने औद्योगिक विकास और रक्षा उत्पादन के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है. शिवपुरी में लगभग 2,500 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित होने जा रहे अदाणी रक्षा एवं एयरोस्पेस उत्पादन संयंत्र का शिलान्यास केवल एक औद्योगिक परियोजना नहीं, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को नई ऊर्जा देने वाला कदम है. यह परियोजना राज्य को देश के रक्षा उत्पादन मानचित्र पर मजबूत पहचान दिलाने के साथ-साथ हजारों युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार भी खोलेगी.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश ने पिछले कुछ वर्षों में निवेश आकर्षित करने और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है. सरकार की उद्योग हितैषी नीतियों, पारदर्शी प्रशासन और त्वरित निर्णय प्रक्रिया का ही परिणाम है कि देश के बड़े औद्योगिक समूह प्रदेश में दीर्घकालिक निवेश करने के लिए आगे आ रहे हैं. इससे यह स्पष्ट होता है कि निवेशकों का विश्वास मध्य प्रदेश पर लगातार मजबूत हुआ है.
शिवपुरी में बनने वाला यह रक्षा उत्पादन संयंत्र केवल हथियार और मिसाइलों का निर्माण नहीं करेगा, बल्कि अत्याधुनिक तकनीक, अनुसंधान और कौशल विकास का भी केंद्र बनेगा. यहां लगभग पांच हजार प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर सृजित होने की संभावना है. स्थानीय युवाओं को आधुनिक रक्षा उद्योग से जुडऩे का अवसर मिलेगा, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था में नई गति आएगी और पलायन की समस्या भी कम होगी.
देश आज रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है. भारत अब आयातक की बजाय रक्षा उपकरणों के निर्यातक राष्ट्र बनने की दिशा में कदम बढ़ा चुका है. ऐसे समय में मध्य प्रदेश का रक्षा उत्पादन के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभरना राष्ट्रीय दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है. यहां बनने वाले हथियार और रक्षा उपकरण भारतीय सेनाओं की क्षमता को और मजबूत करेंगे तथा राष्ट्रीय सुरक्षा को नई मजबूती प्रदान करेंगे.
बहरहाल,राज्य सरकार औद्योगिक विकास को केवल कारखानों तक सीमित नहीं रख रही है. शिवपुरी के लिए सडक़ परियोजनाएं, नई तहसील, मेडिकल कॉलेज में आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं तथा अन्य आधारभूत विकास कार्य इस बात का प्रमाण हैं कि सरकार संतुलित और समग्र विकास के मॉडल पर आगे बढ़ रही है. उद्योगों के साथ बेहतर सडक़, स्वास्थ्य, शिक्षा और शहरी सुविधाएं ही किसी क्षेत्र को स्थायी विकास की ओर ले जाती हैं.
भोपाल के सतगढ़ी में प्रस्तावित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी स्मार्ट इंडस्ट्रियल पार्क का शिलान्यास भी इसी व्यापक औद्योगिक दृष्टि का हिस्सा है. यह परियोजना हजारों नए रोजगार सृजित करेगी और प्रदेश को विनिर्माण तथा निवेश का प्रमुख केंद्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी.
मध्य प्रदेश आज जिस गति से औद्योगिक विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, वह उत्साहवर्धक है. आवश्यकता इस बात की है कि इन परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए, स्थानीय युवाओं को आवश्यक कौशल प्रशिक्षण दिया जाए तथा छोटे और मध्यम उद्योगों को भी इस विकास यात्रा से जोड़ा जाए. यदि यही गति और प्रतिबद्धता बनी रही तो मध्य प्रदेश आने वाले वर्षों में देश के सबसे प्रमुख औद्योगिक और रक्षा उत्पादन केंद्रों में शामिल होगा. यह केवल प्रदेश की उपलब्धि नहीं होगी, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध होगी.
