इंदौर: हीरानगर क्षेत्र में युवती ज्योति अग्रवाल की मौत के तीन महीने बाद पुलिस जांच ने पूरे मामले की तस्वीर बदल दी. शुरुआत में जिस प्रेमी पर ब्लैकमेलिंग और मौत के लिए जिम्मेदार होने के आरोप लगाए गए थे, जांच में वह संदेह के दायरे से बाहर हो गया. पुलिस ने अब ज्योति की मां शीतल अग्रवाल और भाई प्रकाश के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है. जांच में सामने आया कि दोनों ने पहले ज्योति के साथ मारपीट की और बाद में सबूत मिटाकर घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की.
2 अप्रैल की रात ज्योति का मयंक साहू से मिलने की बात को लेकर घर में विवाद हुआ था.
इसी दौरान मां और भाई ने उसकी बेरहमी से पिटाई की. अगले दिन उसकी मौत हो गई. जांच में यह भी सामने आया कि घटना के बाद घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई और घटनास्थल की स्थिति बदलकर आत्महत्या का मामला साबित करने की कोशिश की गई. शुरुआती जांच में मां और भाई ने मयंक पर अश्लील वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने और पांच लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया था, लेकिन पूछताछ में मयंक ने रकम को कारोबारी लेन देन बताया. उसने पुलिस को यह भी बताया कि बाद में उसने ज्योति को 31 ग्राम सोना खरीदकर दिया था.
मामले ने उस समय नया मोड़ आ गया, जब मयंक ने पुलिस को 2 अप्रैल की रात की एक ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी. रिकॉर्डिंग में ज्योति अपने दोस्त कुशाल से रोते हुए कह रही थी कि उसकी मां और भाई उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और दोस्त से पुलिस को सूचना देने के लिए कह रही है. हालांकि सूचना पुलिस तक नहीं पहुंची और अगले दिन ज्योति की मौत की खबर सामने आई. पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने भी पुलिस के संदेह को मजबूत किया. रिपोर्ट में सिर पर दो गंभीर चोटों समेत शरीर के अलग-अलग हिस्सों पर करीब 10 चोटों के निशान मिले. जब पुलिस ने इन चोटों और सीसीटीवी रिकॉर्डिंग डिलीट होने को लेकर मां और भाई से पूछताछ की तो वे संतोषजनक जवाब नहीं दे सके.
ज्योति के साथ मारपीट के बाद जहरीला पदार्थ पिलाया गया
एसीपी रुबिना मिजवानी के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया कि ज्योति और मयंक स्कूल के समय से एक दूसरे को जानते थे और शादी करना चाहते थे. दोनों परिवार की सहमति नहीं मिलने पर अलग रहकर जीवन शुरू करने की तैयारी में थे और इसके लिए करीब 25 लाख रुपए भी जमा कर चुके थे. पुलिस का दावा है कि मारपीट के बाद ज्योति की हालत बिगड़ने पर उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिलाया गया, जिससे उसकी मौत हो गई. पुलिस ने मां शीतल अग्रवाल और भाई प्रकाश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. जांच अभी जारी है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है.
