
सागर। लोकायुक्त पुलिस सागर ने छतरपुर जिले के बक्सवाहा तहसील कार्यालय में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा है। आरोपी कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। लोकायुक्त पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सहायक ग्रेड-3 राजन श्रीवास्तव द्वारा फरियादी कृष्णकांत बिल्थरे से जमीन के नामांतरण के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की गई थी। सौदा 25 हजार रुपये में तय हुआ था। इसमें से 10 हजार रुपये आरोपी पहले ही ले चुका था, जबकि शेष 15 हजार रुपये बाद में देना तय हुआ।फरियादी की शिकायत के आधार पर लोकायुक्त पुलिस द्वारा सागर गठित दल ने आज बुधवार को फरियादी से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते आरोपी सहायक ग्रेड तीन राजन को लोकायुक्त टीम ने रंगे हाथों पकड़ लिया।टीम ने आरोपी के कब्जे से रिश्वत की रकम बरामद की और नामांतरण से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की।
लोकायुक्त पुलिस की कार्रवाई में टीआई मंजू तिर्की, रंजीत सिंह, हेड कांस्टेबल शफीक खान ,अजय शास्त्री तथा आरक्षक गोल्डी, अरविंद, निलेश , विक्रम , संतोष,आदेश और प्रदीप शामिल रहे।
