
नयी दिल्ली, 16 सितंबर (वार्ता) ऑन-लाइन फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म स्विगी ने बुधवार को अभिनेता एवं सांसद रवि किशन को स्विगी डाइनआउट का ब्रांड एंबेसडर बनाने की घोषणा की।कंपनी ने अपने ग्रेट इंडियन रेस्टोरेंट फेस्टिवल (जीआईआरएफ) को इस बार ‘द ग्रेट इंडियन रवि फेस्टिवल’ के रूप में पेश किया। रवि किशन अभियान का मुख्य चेहरा हैं। जीआईआरएफ का यह संस्करण 14 सितंबर 2026 से 24 अक्टूबर 2026 तक लाइव रहेगा। इसके तहत देश के 84 से अधिक शहरों के 57 हजार से ज्यादा रेस्त्रां में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है। इन शहरों में दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता और चेन्नई के साथ-साथ गोवा, जयपुर, इंदौर, कोयंबटूर, चंडीगढ़, लखनऊ और उदयपुर भी शामिल हैं।
इसके अलावा, डाइनआउट से बुकिंग करने पर ग्राहकों को एचडीएफसी बैंक के सभी कार्ड पर 10 प्रतिशत की तत्काल छूट और हर बुकिंग पर 10 प्रतिशत डाइनकैश कैशबैक भी मिलेगा। इस संस्करण में गुड फ्लिपिन बर्गर, पंजाब ग्रिल, यूमी, वन 8 कम्यून, मेनलैंड चाइना, पैराडाइज बिरयानी और एब्सोल्यूट बारबेक्यू जैसे प्रमुख ब्रांडों सहित कई अन्य लोकप्रिय डाइनिंग डेस्टिनेशंस हिस्सा ले रहे हैं।
इस अभियान के तहत, रवि किशन एक पारंपरिक ब्रांड एंबेसडर की भूमिका से आगे बढ़कर इस पूरे फेस्टिवल का चेहरा, आवाज और व्यक्तित्व बन गए हैं। स्विगी डाइनआउट के एवीपी (मार्केटिंग और रेवेन्यू) ध्रुविश ठक्कर ने कहा कि जीआईआरएफ देश के सबसे बड़े डाइनिंग अभियानों में से एक रहा है। हर साल कंपनी का मकसद खुद ग्राहकों तक पहुंचना होता है। पिछले कुछ वर्षों में कई हस्तियां जीआईआरएफ से जु़ड़ी हैं। इस बार, एक कदम आगे बढ़ते हुए जीआईआरएफ का नाम बदलकर ‘ग्रेट इंडियन रवि फेस्टिवल’ कर दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस नये स्वरूप में जीआईआरएफ बड़े पैमाने पर लोगों को पसंद आएगा।
