
इंदौर. गर्मी बढ़ने के साथ आवारा कुत्तों के हमले भी तेजी से बढ़े हैं. मई माह में 4525 लोग डॉग बाइट का शिकार बने, जिनमें 2818 पुरुष, 901 महिलाएं और 806 बच्चे शामिल हैं. शहर के 17 इलाके हॉटस्पॉट के रूप में सामने आए हैं.
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार मई माह में डॉग बाइट के मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अप्रैल में जहां 4379 लोग शिकार बने थे, वहीं मई में यह संख्या बढ़कर 4525 हो गई, यानी 146 मामलों की वृद्धि हुई. शहर में मूसाखेड़ी, विजयनगर, खजराना, सुदामा नगर, द्वारकापुरी, कृष्णबाग कॉलोनी, नंदबाग कॉलोनी, मालवा मिल, परदेशीपुरा, सुखलिया, गौरीनगर, देवास नाका, बाणगंगा चौराहा, मालवीय नगर, गणेश नगर पालदा और बंगाली चौराहा सहित 17 इलाके डॉग बाइट के हॉटस्पॉट बन गए हैं, जहां सबसे ज्यादा हमले हो रहे हैं. डॉक्टरों के अनुसार गर्मियों में तापमान बढ़ने के साथ आवारा कुत्ते ज्यादा आक्रामक हो जाते हैं. भोजन और पानी की कमी के कारण उनका व्यवहार चिड़चिड़ा हो जाता है, जिससे हमलों की घटनाएं बढ़ती हैं. हुकुमचंद क्लिनिक लाल अस्पताल के प्रभारी डॉ. रूपेंद्र पटेल ने बताया कि गर्मी के मौसम में लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए, क्योंकि इस दौरान कुत्तों के हमले की संभावना अधिक रहती है.
