
इंदौर. देहात में हाईवे पर लूटपाट रोकने के लिए विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया. इस दौरान फरार वारंटियों के खिलाफ कार्रवाई में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि 41 वाहन चालकों पर कार्रवाई कर 22 हजार रुपए जुर्माना वसूला गया.
देहात एसपी राजेंद्र वर्मा के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में रात के समय विशेष अभियान चलाया गया. हाईवे पर पेट्रोलिंग बढ़ाई गई, ताकि लूटपाट और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके. एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि वे रोजाना शाम 6 से 9 बजे तक अपने-अपने क्षेत्रों में चेकिंग और पेट्रोलिंग अभियान चलाएं. इसी क्रम में कल रात सांवेर, देपालपुर, मानपुर और किशनगंज थाना क्षेत्रों से 12 स्थाई वारंटी गिरफ्तार किए गए, जो लंबे समय से फरार थे. अभियान के दौरान 13 थाना क्षेत्रों में 41 वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इनमें 13 बिना हेलमेट के वाहन चालक शामिल रहे, जिनसे 5700 रुपए का जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा बिना दस्तावेज वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16400 रुपए समन शुल्क के रूप में वसूले गए. एसपी राजेंद्र वर्मा ने बताया कि हाईवे पर अपराधों की रोकथाम के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा.
