
ओंकारेश्वर। सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत प्रस्तावित नगर विस्तारीकरण को लेकर रविवार को जोड़ गणपति हनुमान मंदिर में नगरवासियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक षट् दर्शन संत मंडल के अध्यक्ष महंत मंगलदास त्यागी महाराज के सानिध्य में हुई, जिसमें 15 वार्डों के रहवासी शामिल हुए।
बैठक में बताया गया कि प्रशासन द्वारा फेस-1, फेस-2 और फेस-3 के अंतर्गत पुराने बस स्टैंड, जेपी चौक, दंडी आश्रम से कुबेर भंडारी एवं ब्रह्मपुरी तथा बड़ चौक से ओंकारेश्वर मंदिर तक विस्तारीकरण की योजना प्रस्तावित है। इसके चलते स्थानीय रहवासियों के प्रभावित होने को लेकर चिंता जताई गई।
नगरवासियों ने कहा कि विकास कार्यों के साथ स्थानीय लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाना आवश्यक है। बैठक में विभिन्न मांगों पर बिंदुवार चर्चा की गई।
निर्णय लिया गया कि नगरवासियों की मांगों को एकजुट होकर स्थानीय सांसद और विधायक के माध्यम से जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री के समक्ष रखा जाएगा। इसके लिए ज्ञापन सौंपने की तैयारी की जा रही है।
