इंदौर:ओरिएंटल विश्वविद्यालय में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए 16वां दीक्षारंभ 2026- स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. दो दिवसीय कार्यक्रम में विभिन्न संकायों के विद्यार्थियों ने सहभागिता की. कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय की अकादमिक व्यवस्था, उपलब्ध अवसरों और उच्च शिक्षा के बदलते स्वरूप से परिचित कराया गया.
प्रथम दिवस में इंजीनियरिंग, फार्मेसी, कृषि, लाइब्रेरी साइंस एवं लॉ के विद्यार्थियों ने सहभागिता की. चेतन नाइक, फाउंडर एवं सीईओ, सीडीएन साफ्टवेयर साल्यूशन तथा डॉ. अभिषेक मिश्रा, प्रोफेसर, इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए. उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर सीखने और अपने कौशल को समय के साथ विकसित करने के लिए प्रेरित किया. द्वितीय दिवस में साइंस, मैनेजमेंट, कॉमर्स, मीडिया स्टडीज, ह्यूमैनिटीज, एजुकेशन एवं कंप्यूटर एप्लीकेशंस के विद्यार्थियों ने भाग लिया। सावन एस. लड्ढा, फाउंडर-सीईओ, वर्की ऑफिस स्पेसेस, बिजय राज, नारकोटिक्स ऑफिसर तथा कुणाल अहिरवाल, चीफ मैनेजर, प्रोडक्ट मैनेजमेंट वर्टिकल, आईसीआईसीआई ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया.
वक्ताओं ने विद्यार्थियों को विशेष रूप से यह समझाया कि सफलता केवल अच्छे अकादमिक प्रदर्शन तक सीमित नहीं है. कम्युनिकेशन, टीमवर्क, समस्या समाधान, रचनात्मक सोच, नेतृत्व, डिजिटल दक्षता और निरंतर सीखने की क्षमता आज के समय में उतनी ही महत्वपूर्ण हैं. इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) अमोल गोरे, वाइस-चांसलर, ओरिएंटल विश्वविद्यालय ने कहा दीक्षारंभ एक नई शुरुआत है अपने सपनों को पहचानने, कौशल विकसित करने और भविष्य को संवारने की. दीक्षारंभ 2026 को कुलाधिपति प्रवीण ठकराल, प्रो-चांसलर गौरव ठकराल, प्रो-चांसलर प्रो. (डॉ.) ध्रूव घई, मुख्य प्रबंध निदेशक प्रो. (डॉ.) गरिमा घई एवं वाइस-चांसलर प्रो. (डॉ.) अमोल गोरे का मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्राप्त हुआ.
