रांची, (वार्ता) झारखंड ने सोमवार को फाइनल मुकाबले में ओडिशा को 1-0 से हराकर 15वीं हॉकी इंडिया सब जूनियर महिला राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025 का खिताब अपने नाम किया। वहीं हरियाणा ने तीसरे/चौथे स्थान के लिए हुए मैच में मिजोरम को 3-3 (शूटआउट 5-4) से हराकर कांस्य पदक जीता।
आज यहां खेले गये फाइनल मुकाबले में झारखंड ने ओडिशा को 1-0 से हराया। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया और मज़बूत रक्षापंक्ति के साथ एक-दूसरे को गोल करने से रोका, लेकिन जिरन सोय मुंडा ने (27वें मिनट) ने अपने घरेलू मैदान पर गोलकर अपनी टीम के ट्रॉफी जीतने का रास्ता साफ कर दिया।
इसके अलावा हरियाणा और मिजोरम के बीच तीसरे/चौथे स्थान के मैच में, हरियाणा ने मिज़ोरम को एक रोमांचक मुकाबले में 3-3 (5-4) से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया और कांस्य पदक जीता। के वनलालपेकी (9वें मिनट) ने मिजोरम के लिए गोलों की गिनती शुरू की, लेकिन कप्तान भव्या (19वें मिनट), दुर्गा (27वें मिनट) और मनजिंदर (30वें मिनट) ने जल्द ही हरियाणा के लिए बढ़त बना ली और मिजोरम को खेल के अधिकांश समय तक बैकफुट पर धकेले रखा। मिज़ोरम ने कड़ी मेहनत की, लेकिन हरियाणा की मजबूत रक्षापंक्ति के सामने वह मौकों को भुनाने में नाकाम रही। आखीरी मिनट में लालडिनपुली (60वें, 60वें मिनट) के शानदार गोल की बदौलत मिजोरम ने मैच ड्रॉ पर समाप्त किया। अंतिम सीटी बजते ही लालडिनपुली ने लगातार दो गोल दागे।
इसके बाद हुये शूटआउट में भी दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। हरियाणा के लिए कप्तान भव्या, मनजिंदर, नीशू, राधिका और हर्षिता ने सभी पाँच मौकों पर गोल किए। दूसरी ओर, लालडिनपुली, के. वनलालपेकी, सी. लालरुअत्सियामी और लालनुनफेली अपने पाँचों मौकों में से केवल एक ही गोल कर पाईं और इस कड़े मुकाबले में हार गईं।
