
सलामतपुर। आज दोपहर के समय भोपाल विदिशा हाइवे 18 पर नहर वाली पुलिया के पास खेत की बागड़ में आग लग गई। वो तो गनीमत रही कि समय रहते स्थानीय रहवासियों और सलामतपुर पुलिस ने पानी डालकर आग बुझा दी। वरना आग आसपास के खेतों तक फैल सकती थी। जिससे बड़ी जनहानि होने की संभावना थी। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि आगजनी की घटना किसी के जलती हुई बीड़ी या सिगरेट फेंकने की वजह से लगना बताया जा रहा है। पुलिस से मिली जानकारी अनुसार दोपहर लगभग 1 बजे थाने में सूचना आई कि नहर वाली पुलिया के पास खेत की बागड़ में आग लग गई है। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी दिनेश सिंह रघुवंशी ने तत्काल पुलिस बल मौके पर भेजा। जब पुलिस बल मौके पर पहुंचा तो स्थानीय रहवासियों की काफी भीड़ जमा हो गई थी। जो आग को पानी डालकर बुझाने के प्रयास कर रही थी। पुलिस ने भी आग बुझाने में मदद की। और समय रहते आग बुझ गई। गौरतलब है कि सलामतपुर सहित आसपास क्षेत्र में कहीं भी फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नही है। जिसकी वजह से कई आगजनी की घटनाओं में समय रहते मदद नही मिल पाती। स्थानीय ग्रामीण कई बार शिकायतों के माध्यम से फायर ब्रिगेड की मांग शासन प्रशासन से कर चुके हैं। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नही हुआ ।
