आष्टा। आष्टा एवं सिद्दीकगंज पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए झारखेड़ी रोड स्थित पाइप गोदाम से हुई 18 लाख रुपए की चोरी का पर्दाफाश कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों के कब्जे से 210 डीआई पाइप और कंटेनर सहित करीब 38 लाख रुपये का माल बरामद किया गया है.
गौरतलब है कि सोमवार को
फरियादी वैभव पात्रीकर पिता प्रदीप पात्रीकर, निवासी हाल चौपाटी आष्टा द्वारा थाना सिद्दीकगंज में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत है तथा कंपनी का पाइप गोदाम झारखेड़ी रोड पर स्थित है. गत एक- दो मार्च की रात्रि में अज्ञात चोरों द्वारा गोदाम से लगभग 210 नग डीआई पाइप, कीमत करीब 18 लाख रुपए कीमती चोरी कर लिए गए. पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी.
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनिता रावत के निर्देश एवं एसडीओपी दामोदर गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना सिद्दीकगंज पुलिस ने मुखबिर सूचना एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की. पुलिस टीम ने रामपुरा बढ़ कन्नौद रोड से दो संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम आस मोहम्मद पिता इस्लाम खान उम्र 46 वर्ष एवं ताहीर पिता सुमेर खान उम्र 45 वर्ष, निवासी बुबलेडी, थाना पिनहुआ, जिला नूंह (हरियाणा) बताए. आरोपियों से चोरी गए 210 डीआई पाइप तथा कंटेनर सहित कुल लगभग 38 लाख रुपए मूल्य का माल जप्त किया गया. कार्रवाई में थाना प्रभारी गिरीश दुबे सहित निरीक्षक राजू सिंह बघेल, उपनिरीक्षक सूरज परिहार, सहायक उपनिरीक्षक अशोक दुबे की भूमिका रही.
