ब्यावरा: नगर का एकमात्र सार्वजनिक खेल मैदान स्थानीय क्लब ग्राउण्ड है किंतु यह मैदान वर्षो से दुर्दशा का शिकार होकर अव्यवस्थाओं से घिरा हुआ है. मैदान में अनेक जगह गड्ढे होकर गाजर घास उग रही है, जिसके कारण खिलाडिय़ों का खेलना भी कठिनाईयों भरा हो रहा है. खेल गतिविधियां बुरी तरह प्रभावित हो रही है. नपाध्यक्ष प्रतिनिधि पवन कुशवाहा ने पब्लिक स्पोर्ट क्लब ग्राउण्ड पहुंचकर निरीक्षण कर जायजा लिया जिसमें यहां काफी अव्यवस्थाएं मिली. ्रग्राउण्ड के बाहर नाली चोक होने से पानी ओवरफ्लो होकर आसपास फैल रहा है. साथ ही क्लब ग्राउण्ड पर तैनात कर्मचारी भी इस दौरान अनुपस्थित मिले.
अव्यवस्थाओं को देखते हुए नपाध्यक्ष द्वारा संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गये. इसी दौरान पब्लिक स्पोर्ट क्लब संचालन समिति के अध्यक्ष चंद्रकांत त्रिपाठी भी मौजूद रहे. उन्होंने क्लब की वर्तमान स्थिति और आसपास की नालियों की समस्याओं से अध्यक्ष प्रतिनिधि को अवगत कराया.
अध्यक्ष प्रतिनिधि द्वारा कर्मचारियों को मौके पर बुलाकर नाली की तुरंत सफाई करने के निर्देश दिए गये साथ ही ओवरफ्लो की समस्या का स्थायी समाधान करने के लिए भी कहा.
नपाध्यक्ष ने कहा कि स्पोर्ट क्लब ग्राउण्ड पर व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी. इस अवसर पर मुकेश सेन, इंदर अहिरवार सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे.
