
सीधी। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा के प्रांतीय संयोजक,आजाद अध्यापक शिक्षक संघ के प्रांताध्यक्ष भरत पटेल के आह्वान पर जिला संयोजक हरीश मिश्र के नेतृत्व में 20 सितंबर 2026 को स्थानीय पूजा पार्क में 11 बजे से सामूहिक उपवास रखकर धरना उपरांत रैली निकालकर मुख्यमंत्री को कलेक्टर के माध्यम से ज्ञापन सौंपेंगे।इस संबंध में जिला संयोजक हरीश मिश्र, प्रांतीय उप संयोजक विजय तिवारी ने जिले के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम को सफल बनाने शिक्षकों से संपर्क कर कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम इसलिए आवश्यक है क्योंकि अन्य राज्यों की भांति अभी तक मध्यप्रदेश की सरकार ने अपने सेवारत शिक्षकों की टीईटी परीक्षा अनिवार्यता से मुक्त रखने के लिए विधानसभा में कोई विधेयक पारित नहीं किया और न ही केंद्र सरकार को अपने 2009 से पूर्व सेवारत शिक्षकों को टीईटी परीक्षा से मुक्त रखने के लिए कोई प्रस्ताव भेजा है। साथ ही 2018 से आज तक मध्यप्रदेश की सरकार ने शिक्षकों के विभिन्न संघ संगठनों से चर्चा तो की लेकिन हम अध्यापक शिक्षक संवर्ग की प्रथम नियुक्ति दिनांक से सेवावधि की गणना करके पुरानी पेंशन, ग्रेज्युटी, और अवकाशों के निजीकरण का लाभ देने के लिए अभी तक कोई निर्णय नहीं लिया, अवकाश के नगदीकरण के संबंध में पदाधिकारियों ने मांग की है कि नगदीकरण जिसका वर्तमान में अधिकारियों ने निजीकरण कर लिया है 2018 के पूर्व के अर्जित अवकाश को आनलाइन न किया जाए यह भी कहा कि सरकार ने शिक्षकों को परेशान करने के लिए अव्यवहारिक ईअटेंडेंस व्यवस्था तो लागू कर दी किंतु शिक्षकों के हितों को नजरंदाज किया जा रहा है जिससे भारी संख्या में लंबित क्रमोन्नति, पदोन्नति, समयमान वेतनमान के आदेश जिला संंभाग प्रदेश स्तर पर आज भी लंबित हैं। जिला संयोजक हरीश मिश्र एवं प्रांतीय उप संयोजक विजय तिवारी ने जिले में संपर्क के दौरान शिक्षकों से बिना रुके बिना झुके 20 सितंबर 2026 को जिला मुख्यालय के पूजा पार्क में आयोजित सामूहिक उपवास कार्यक्रम में सम्मिलित होने की अपील किया है।
