
नयी दिल्ली 16 सितम्बर (वार्ता) राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की 20 महिला कैडेटों ने ‘अपराजिता-परांग ला 2026’ के तहत अत्यधिक ऊंचाई वाले लंबे ट्रेक को सफलतापूर्वक पूरा किया है। रक्षा मंत्रालय ने बुधवार को बताया कि लद्दाख के करज़ोक में एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स और रक्षा मंत्रालय की अपर सचिव दीप्ति मोहिल चावला ने अभियान दल का स्वागत किया।
देशभर से चयनित कैडेटों के दल ने हिमाचल प्रदेश की स्पीति घाटी को लद्दाख के चांगथांग क्षेत्र से जोड़ने वाले 5,578 मीटर ऊंचे परांग ला दर्रे को पार किया।
दल ने 30 दिन में करीब 250 किलोमीटर की दूरी तय की। इस दौरान टीम ग्लेशियरों, बर्फ के मैदानों, नदी घाटियों और अन्य कठिन ऊंचाई वाले इलाकों से होकर गुजरी। अधिकारियों, प्रशिक्षकों, चिकित्सा कर्मचारियों और सहायक कर्मियों के साथ दल ने हिमाचल प्रदेश के किब्बर से लद्दाख के करज़ोक तक की यात्रा पूरी की। इस अभियान दल को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने 18 अगस्त को राजधानी दिल्ली से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।
लेफ्टिनेंट जनरल वत्स ने अभियान के सफल समापन पर कैडेटों और स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम वर्क और सहनशक्ति विकसित करने में योगदान देती हैं। इस ट्रेक का आयोजन युवा महिलाओं को साहसिक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करने और उन्हें चुनौतीपूर्ण अधिक ऊंचाई वाली परिस्थितियों से परिचित कराने के उद्देश्य से किया गया था। इसके अलावा इसका एक उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से कैडेटों को एक साथ लाकर राष्ट्रीय एकता को मजबूत करना भी था।
