
दतिया। सिविल लाइन थाना पुलिस ने गुरुवार को तीन चोरियों का खुलासा किया है। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने करीब 7 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। हाल के महीनों में थाना क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही थीं। बालाजी नगर, श्रीजी कॉलोनी और मम्माजू का बाग क्षेत्र में चोरों ने नकदी और जेवरात पर हाथ साफ किया था। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए एसपी वीरेंद्र कुमार मिश्रा ने एक विशेष टीम का गठन किया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर राजीव नगर से एक नाबालिग को पकड़ा। पूछताछ में उसने चोरी की बात कबूल की और उसके पास से सोने-चांदी के कई जेवरात बरामद हुए। वहीं दूसरे आरोपी अंकू उर्फ अंकित दांगी निवासी गांव खिरिया घोंघू को भी गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी चोरी का माल बरामद हुआ। बाल अपचारी को बाल न्यायालय और आरोपी अंकू को न्यायालय में पेश किया गया।
