गाजा, (वार्ता) इज़राइल में आजीवन कारावास की सजा पाए 110 फिलिस्तीनी कैदियों के बदले में गाजा पट्टी से नौ बंधकों को रिहा किया जाएगा। यह जानकारी स्पुतनिक को हमास के प्रवक्ता द्वारा दिए गए एक दस्तावेज से प्राप्त हुई।
दस्तावेज़ में कहा गया कि आजीवन कारावास की सजा पाए 110 फ़िलिस्तीनी कैदियों की रिहाई के बदले में 33 में से नौ बीमार एवं घायल बंधकों को रिहा किया जाएगा।
दस्तावेज़ के अनुसार, इज़रायल 08 अक्टूबर, 2023 के बाद हिरासत में लिए गए गाजा पट्टी के 1,000 कैदियों को रिहा करेगा और समझौते के पहले चरण में गाजा पट्टी और मिस्र के बीच सीमा पर फिलाडेल्फी कॉरिडोर में अपने सैनिकों की संख्या धीरे-धीरे कम करेगा।
