एडिनबर्ग, 05 जून (वार्ता) सलामी बल्लेबाज दिलारा अख्तर (51) रनों की आतिशी अर्धशतकीय पारी की बदौलत बंगलादेश की महिला टीम ने आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप से पहले शुक्रवार को वर्षा प्रभावित त्रिकोणीय श्रृंखला के मुकाबले में नीदरलैंड्स को 13 रनों से हरा दिया। दिलारा ने मात्र 22 गेंदों में अपना अर्धशतक जड़ा। जो महिला टी-20 में संयुक्त रूप से नौवां सबसे तेज अर्धशतक है। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ 2019 में लाहौर में रुमाना अहमद द्वारा 28 गेंदों में बनाए गए बंगलादेशी महिला के पिछले सबसे तेज अर्धशतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। दिलारा के शानदार खेल ने ही बंगलादेश के लिए जीत का अंतर तय किया। उनके अलावा जुवैरिया फ़िरदौस ने 13 रन बनाये। सोभना मोस्तारी 11 रन बनाकर नाबाद रही।
बारिश से प्रभावित इस मैच में बंगलादेश की दाएं हाथ की बल्लेबाज दिलारा की 51 रनों की पारी की बदौलत टीम ने तीन विकेट पर 98 रन सम्मानजनक स्कोर बनाया। बारिश के कारण मैच के ओवरों की संख्या घटाकर आठ-आठ ओवर कर दी गई थी। जवाब में नीदरलैंड्स की टीम जीत के लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकी और पांच विकेट पर 85 रन ही बना पाई। नीदरलैंड्स के लिए कप्तान बैबेट डी लीड ने सर्वाधिक 30 रन बनाये। हीथर सीजर्स, रॉबिन रिजके ने 21-21 रनों का योगदान दिया। बंगलादेश के लिए बाएं हाथ की तेज गेंदबाज फरीहा तृष्णा ने दो विकेट लिए। इस जीत का मतलब है कि बंगलादेश त्रिकोणीय सीरीज की तालिका में मेजबान और विजेता स्कॉटलैंड के बाद दूसरे स्थान, जबकि नीदरलैंड्स तीसरे स्थान पर रहा। अब दोनों टीमें 12 जून से शुरू होने वाले टी-20 विश्व कप से पहले अभ्यास मैचों के लिए दक्षिण की ओर जाएंगी। बंगलादेश रविवार को लॉफबोरो में न्यूजीलैंड का सामना करेगा और नीदरलैंड्स एक दिन पहले डर्बी में स्कॉटलैंड से भिड़ेगा।

