
मुंबई, 04 सितंबर (वार्ता) गायक हार्डी संधू का नया रोमांटिक गाना ‘स्टक ऑन यू’ रिलीज हो गया है। यह गाना प्यार के शुरुआती दौर की उस खूबसूरत फीलिंग को बयां करता है, जब कोई शख्स हर वक्त जेहन में रहता है और उसकी छोटी-छोटी बातें भी खास लगने लगती हैं। हार्डी संधू रोमांटिक और मेलोडियस गानों के लिए पहचाने जाते हैं। ‘स्टक ऑन यू’ में भी उनके अंदाज के साथ आधुनिक संगीत का मेल देखने को मिलता है। रिलीज के बाद गाने को दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है और यह 42 लाख से अधिक व्यूज पार कर चुका है।
गाने के म्यूजिक वीडियो में हार्डी संधू और हिया बाजवा की जोड़ी नजर आ रही है। दोनों की युवा और सहज केमिस्ट्री गाने के रोमांटिक माहौल को प्रभावी बनाती है। आधुनिक साउंड और फील-गुड अंदाज वाला यह ट्रैक प्यार में खो जाने की भावना को केंद्र में रखता है। ‘स्टक ऑन यू’ को कुंवर मेहता, रोहित पांडे, भरत और समद खान ने संगीतबद्ध किया है, जबकि इसके बोल कुंवर मेहरा, रोहित पांडे और रोहित सिंह भाऊ ने लिखे हैं। गाने में आधुनिक ध्वनि के साथ हार्डी संधू की मेलोडियस गायकी का संयोजन किया गया है। गाने की लोकप्रियता को देखते हुए ‘स्टक ऑन यू’ को रोमांटिक संगीत पसंद करने वाले श्रोताओं के बीच अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
