इंदौर: कलेक्टर शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज समय-सीमा के अंतर्गत प्राप्त प्रकरणों के निराकरण ( टीएल ) तथा अंतर-विभागीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विकासात्मक एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, साथ ही सीएम हेल्पलाइन के अंतर्गत दर्ज शिकायतों के निराकरण की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि सीएम हेल्पलाइन के सभी प्रकरणों का निराकरण पूर्ण गंभीरता के साथ समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए.
उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी. समीक्षा के दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री एवं उपयंत्री द्वारा लापरवाही पाए जाने पर दोनों को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए. बैठक में आवारा श्वानों (स्ट्रीट डॉग्स) के संबंध में सुप्रीम कोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों पर विस्तृत चर्चा की गई.
बैठक में जानकारी दी गई कि दिशा-निर्देश प्राप्त हो गए हैं और उनके अनुसार समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी. कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानो जैसे स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, खेल परिसर, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन एवं मुख्य मार्गों पर आवारा श्वान दिखाई न दें, इसकी प्रभावी व्यवस्था की जाए. स्कूल प्रबंधन यह सुनिश्चित करें कि श्वान परिसर में प्रवेश न करें तथा सुरक्षा-व्यवस्थाएं मजबूत रखें.
यदि किसी संस्था परिसर में श्वान के द्वारा काटने की घटना होती है, तो संबंधित संस्था प्रमुख उत्तरदायी होंगे. परिवार नियोजन की राशि के भुगतान में लापरवाही संबंधी प्रकरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जांच के निर्देश देते हुए कहा कि यदि जांच में भुगतान लंबित पाया गया तो संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सिद्धार्थ जैन, इंदौर विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. परीक्षित झाड़े, अपर आयुक्त नगर निगम रोहित सिसोनिया, अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पंवार, रोशन राय, रिंकेश वैश्य, निशा डामोर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे.
