
मुंबई, 30 अगस्त (वार्ता) कन्नड़ फिल्मों के सुपरस्टार शिवराजकुमार ने अपनी आगामी फिल्म ‘ओरिजिनल मॉन्स्टर’ की सलमान खान अभिनीत ‘मॉन्स्टर’ से तुलना पर कहा है कि दोनों फिल्मों की कहानियां बिल्कुल अलग हैं और इसे किसी मुकाबले के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।’ओरिजिनल मॉन्स्टर’ के टाइटल लॉन्च के मौके पर शिवराजकुमार ने कहा, “सलमान की ‘मॉन्स्टर’ और ‘ओरिजिनल मॉन्स्टर’ दोनों की कहानियां बिल्कुल अलग हैं। यह शिवा बनाम सलमान नहीं है, हम एक हैं।”
सलमान खान के साथ काम करने की संभावना के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, “यदि भगवान की इच्छा हुई, तो हम साथ काम करेंगे। हो सकता है सलमान और मैं साथ काम करें।” गौरतलब है कि वामशी पैदिपल्ली के निर्देशन में सलमान खान की ‘मॉन्स्टर’ और आर. चंद्रू के निर्देशन में शिवराजकुमार की ‘ओरिजिनल मॉन्स्टर’ के शीर्षक में समानता है। इसी वजह से दोनों फिल्मों की तुलना की जा रही है। हालांकि, शिवराजकुमार ने स्पष्ट किया कि दोनों फिल्मों की विषयवस्तु अलग है।
शिवराजकुमार के इस बयान के बाद सलमान खान के साथ उनके संभावित सहयोग को लेकर प्रशंसकों में उत्सुकता बढ़ गई है।
