मोदी सरकार निर्मित है देश का ईंधन संकट : खरगे

नयी दिल्ली, 15 मई (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने देश में उत्पन्न ईंधन समस्या को मोदी सरकार निर्मित संकट करार दिया और कहा कि इसके लिए सरकार में बैठे लोगों में दूरदर्शिता का अभाव तथा उनकी अक्षमता जिम्मेदार है। श्री खरगे ने शुक्रवार को यहां कहा कि देश की जनता को यह समझना होगा कि वैश्विक ईंधन संकट के साथ-साथ भारत में आर्थिक संकट की बड़ी वजह मोदी सरकार में नेतृत्व संकट, दूरदर्शी सोच का अभाव और अयोग्यता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संकट का खामियाजा जनता को पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़े दामों के रूप में अपनी जेब से भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि डीजल की कीमतों में वृद्धि का महंगाई पर व्यापक प्रभाव होता है और इससे पूरे देश में महंगाई की श्रृंखलाबद्ध मार पड़ती है, जिसका असर उद्योगों, किसानों और घरेलू बजट पर होता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में युद्ध शुरू होने के समय सरकार ने स्थिति को सामान्य बताने का प्रयास किया और कांग्रेस पार्टी द्वारा उठाए गए वाजिब सवालों को खारिज किया है। उनका कहना था कि रूस से तेल खरीद को लेकर मार्च में अमेरिका ने 30 दिन की छूट की ‘अनुमति’ देने जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने सवाल किया कि आखिर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश को ऐसी स्थिति में क्यों पहुंचा दिया कि भारत को अनुमति मांगनी पड़े। श्री खरगे ने कहा कि चुनाव के दौरान केंद्र सरकार यह संदेश देती रही कि सब कुछ सामान्य है लेकिन अब संकट बढ़ने पर प्रधानमंत्री लोगों को घर से काम करने और ईंधन बचाने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने यह भी वह कि जब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें कम थीं, तब केंद्र सरकार ने आम जनता को राहत नहीं दी, बल्कि केंद्रीय करों के माध्यम से भारी राजस्व अर्जित किया। उन्होंने सवाल किया कि अब महंगाई का बोझ आम जनता पर क्यों डाला जा रहा है।

Next Post

मिडिल-ईस्ट संकट से भारत में महंगाई का चौतरफा हमला: दूध और सीएनजी के बाद अब पेट्रोल-डीजल की कीमतों में भारी उछाल, आम जनता की जेब पर बढ़ा बोझ

Fri May 15 , 2026
नई दिल्ली | मिडिल-ईस्ट में जारी युद्ध के कारण वैश्विक आपूर्ति श्रृंखला बाधित होने का सीधा असर अब भारतीय उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने लगा है। तेल कंपनियों ने शुक्रवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में ₹3 प्रति लीटर तक का इजाफा किया है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में […]

You May Like