नयी दिल्ली, 18 अगस्त (वार्ता) अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से हाल ही में लौटे ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने सोमवार शाम को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने श्री मोदी को अपनी अंतरिक्ष यात्रा के बारे में जानकारी दी।
श्री मोदी ने श्री शुभांशु के साथ हुयी मुलाकात की जानकारी देते हुए सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “ श्री शुक्ला के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुयी। हमने अंतरिक्ष में उनके अनुभवों, विज्ञान और प्रौद्योगिकी में प्रगति तथा भारत के महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन सहित कई विषयों पर चर्चा की। भारत को उनकी इस उपलब्धि पर गर्व है।”
गौरतलब है कि श्री शुक्ला रविवार सुबह अमेरिका से नयी दिल्ली पहुंचे थे। वतन वापसी पर उनका दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत हुआ। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) प्रमुख वी नारायणन समेत बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए हवाई अड्डा पहुंचे थे।
