
शिवपुरी। माधव टाइगर रिजर्व से सटे बरेठ गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। एक तेंदुआ गांव में घुस गया और उसने झोपड़ी में बंधी 6 बकरियों पर हमला कर दिया। इस हमले में मौके पर ही 4 बकरियों की मौत हो गई, जबकि एक बकरी का बच्चा घायल हो गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा को लेकर पार्क प्रबंधन और जिला प्रशासन से शिकायत दर्ज कराई है। बरेठ गांव के किसान वीर सिंह गुर्जर ने बताया कि वो रोज की तरह अपनी बकरियों को घर के पास बनी झोपड़ी में बांध कर चले गए थे। कुछ ही देर बाद बकरियों के चिल्लाने की आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो कुछ बकरियां घायल अवस्था में पड़ी थीं। एक तेंदुआ एक बकरी के बच्चे को अपने मुंह में दबाकर पहाड़ की तरफ भागता नजर आया। घायल बकरियों ने थोड़ी देर में दम तोड़ दिया।
