ग्वालियर: तेज रफ्तार आ रहे एक ट्रैक्टर ने ऑटो में टक्कर मार दी। ऑटो पलट गया और उसमें सवार यात्री घायल हो गए, एक व्यक्ति की मौत हो गई। घटना उटीला थाना क्षेत्र के सौसा-बंधा गांव की है। घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच के बाद घायलों को उपचार के लिए भर्ती कराया है। जहां पर एक युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
हस्तिनापुर निवासी महेन्द्र कुशवाह, पुत्र गोलीराम कुशवाह मुरार के सदर बाजार से खरीदारी करने के बाद ऑटो से अपने गांव लौटने के लिए सवार हुआ था। ऑटो में उसके साथ अन्य यात्री भी मौजूद थे। जब ऑटो सौसा-बंधा गांव के पास पहुंचा, तभी एक तेज़ रफ्तार महिंद्रा ट्रैक्टर के चालक ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो हवा में उछल गया, जिससे उसमें सवार कई यात्री घायल हो गए।
ये लोग हुए घायल
हादसे में राकेश कुमार लहारिया निवासी हस्तिनापुर, मथुरा नाथ निवासी जारगा, रामसेवक बघेल निवासी सुमावली, रामवती चौहान निवासी काशीपुर घायल हो गए।
कैमरे से आरोपी वाहन की तलाश
पुलिस अब ट्रैक्टर की तलाश के लिए हाईवे पर लगे कैमरे खंगाल रही है। जिससे आरोपी वाहन की पहचान कर उसके चालक को गिरफ्तार किया जा सके। फिलहाल पुलिस को कोई सफलता नहीं मिली है।
