सतना : भारतीय मानक ब्यूरो भोपाल शाखा कार्यालय के अधिकारियों की टीम ने शुक्रवार को मेसर्स संस्कार अर्नामेंट्स नामक प्रतिष्ठान में जांच की. जहां पर बिना पंजीकरण के हॉलमार्क वाले और बिना हॉलमार्क के स्वर्ण आभूषणों को जब्त करने की कार्रवाई की गई.भारतीय मानक ब्यूरो भोपाल शाखा कार्यालय के उप निदेशक हरिओम मीना, उप निदेशक संजय कुमार विश्वकर्मा के साथ आई टीम द्वारा शहर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में स्थित मेसर्स संस्कार अर्नामेंट्स नामक प्रतिष्ठान में दबिश दी गई.
जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई कि दुकान संचालक द्वारा बिना पंजीकरण के ही हॉलमार्क और बिना हॉलमार्क वाले स्वर्ण आभूषण बेचे जा रहे थे. जिसे देखते हुए ब्यूरो के अधिकारियों द्वारा हॉलमार्क और बिना हॉलमार्क वाले स्वर्ण आभूषणों को जब्त कर लिया. जिसके आधार पर अब दुकान संचालक के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
इसी कड़ी में मीडिया से चर्चा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि अपनी आवश्यकता की वस्तुएं खरीदने के दौरान उपभोक्ताओं को विशेष सतर्कता बरतने चाहिए. खरीददारी के दौरान उपभोक्ताओं को सही गुणवत्ता मार्क जैसे आईएसआई मार्क, रजिस्टे्रशन मार्क और हॉलमार्क को ध्यान से देखने चाहिए. सामान खरीदने पर बिल अवश्य लें और खरीदे गए सामान की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह होने पर इसकी शिकायत भारतीय मानक ब्यूरो के किसी भी कार्यालय, बेवसाइट अथवा बीआईएस एप पर की जा सकती है.
