नयी दिल्ली, 09 मार्च (वार्ता) आम आदमी पार्टी(आप) ने सोमवार को कथित शराब घोटाला मामले में निचली अदालत के आदेश पर उच्च न्यायालय से स्थगन नहीं मिलने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला बोला।
आप’ के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने संवाददाता सम्मेलन में आज आरोप लगाया कि भाजपा के कहने पर केंद्रीय जांच ब्यूरो( सीबीआई) ने ”आप” नेताओं के खिलाफ षड़यंत्र रचा था। राउज एवेन्यू अदालत की ओर से सभी आरोपियों को आरोप मुक्त किए जाने के बाद सीबीआई उच्च न्यायालय चली गई, लेकिन उसे वहां स्थगन नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा के कहने पर फर्जी मामले बनानेवाले सीबीआई अधिकारी अदालत में पकड़े गए। अब षड़यंत्रकारी अफसरों को नौकरी और जेल जाने का डर सता रहा है। उधर, भाजपा को भी डर है कि कहीं अधिकारी दबाव में बता न दें कि प्रधानमंत्री और गृहमंत्री के कहने पर उन्होंने ये कुकर्म किया।
उन्होंने कहा कि जब से राउज एवेन्यू कोर्ट ने तथाकथित शराब मामले में यह पाया कि पूरा का पूरा मामला फर्जी और मनगढ़ंत था, तब से सच्चाई सबके सामने है। सारा केस ‘शायद’ के ऊपर टिका हुआ था कि शायद ऐसा हुआ हो, शायद वैसा हुआ हो। कोर्ट ने स्पष्ट कह दिया कि यह मामला इस लायक भी नहीं है कि इस पर मुकदमा चले, यानी यह ट्रायल के लायक ही नहीं है। सीबीआई ने जितने भी लोगों को आरोपी बनाया था, कोर्ट ने उन सबको डिस्चार्ज कर दिया है।
आप नेता ने कहा , “भाजपा पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर बड़ा माहौल बना रही थी कि अब यह कर देंगे और वह कर देंगे। सीबीआई उच्च न्यायालय पहुंच गई और सीबीआई ने अपनी अपील और याचिका तक अखबारों में छपवा दी, जबकि आमतौर पर केवल फैसला छपता है। आज उच्च न्यायालय में सिर्फ और सिर्फ केंद्र सरकार के वकील को सुना, हमारे वकील की बात तो सुनी ही नहीं गई। केंद्र सरकार के वकील ने अपनी एकतरफा कहानी सुनाई। इसके बावजूद उच्च न्यायालय ने राउज एवेन्यू अदालत के फैसले पर कोई स्थगनादेश नहीं दिया, जिसमें तमाम आरोपियों को डिस्चार्ज किया गया था। वह आदेश आज भी वैसा ही खड़ा है, मौजूद है और प्रभावी है।”
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के मन में इस बात की बड़ी घबराहट है कि जिस तरह सीबीआई का मामला अदालत ने तार-तार करके कूड़ेदान में फेंक दिया है, कहीं ईडी का मामला भी उसी पेटी में न पहुंच जाए। इसीलिए उन्होंने पूरी कोशिश की कि ईडी का मामला चलता रहे। इस पर अदालत ने साफ कह दिया कि जब तक हमारा फैसला नहीं आ जाता, तब तक ईडी का मामला भी स्थगित रहेगा। यानी ईडी की कार्रवाई पर भी रोक कायम रहेगी और जब तक अदालत का फैसला नहीं आता, इस पर कोई प्रगति नहीं होगी।
श्री भारद्वाज ने कहा कि राउज एवेन्यू अदालत ने अपने फैसले में साफ शब्दों में कहा था कि सीबीआई ने अरविंद केजरीवाल और बाकी लोगों पर एक झूठा और फर्जी मुकदमा बनाया था। इतना ही नहीं, अदालत ने यह भी आदेश दिया था कि संबंधित सीबीआई अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। इसी बात से केंद्र सरकार और भाजपा के पेट में दर्द हो रहा था।
